आईजी ने किया रजौन थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन और गश्ती तेज करने का दिया निर्देश

आईजी ने किया रजौन थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन और गश्ती तेज करने का दिया निर्देश

रजौन, ​बांका : भागलपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विवेक कुमार ने शनिवार (14 मार्च) को रजौन थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान बांका एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा और बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा भी मुख्य रूप से उनके साथ मौजूद रहे। आईजी के आगमन पर पुलिस बल द्वारा उन्हें ससम्मान 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, जिसके बाद उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। ​निरीक्षण के क्रम में आईजी ने थाने के सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान उन्होंने थाना सिरिस्ता के रखरखाव, माल खाना, सीसीटीएनएस, महिला हेल्प डेस्क, वायरलेस अनुभाग, थाना परिसर और आवासीय बैरक का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अपराध निर्देशिका पार्ट 1, 2, 3 सहित डकैती, लूट और गुंडा पंजी जैसी विभिन्न पंजियों की प्रविष्टियों की जांच की और अधिक दिनों से लंबित हत्या, लूट एवं डकैती से संबंधित कांडों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई कर वारंट व कुर्की प्राप्त करने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी व मामलों के निष्पादन हेतु कड़े निर्देश दिए। आईजी ने थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सक्रिय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने का भी आदेश दिया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि बांका एसपी के साथ क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई है, ताकि जनता को और बेहतर पुलिसिंग का अनुभव मिल सके। ​इसके साथ ही आईजी ने रजौन सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय और थाना परिसर के भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों की सुविधा और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नए भवनों के निर्माण और पुराने ढांचों के सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय को भेजा जाएगा। इस पूरे निरीक्षण के दौरान सर्किल इंस्पेक्टर राजेश कुमार और थानाध्यक्ष राज रतन सहित सभी पुलिस पदाधिकारी पूरी तरह मुस्तैद नजर आए।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments