होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: रजौन में भारी पुलिस बल के साथ निकला फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर

होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: रजौन में भारी पुलिस बल के साथ निकला फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पैनी नजर

​रजौन,बांका :-रंगों के महापर्व होली को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बांका जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। सोमवार को धुलंडी (धुरखेल) के अवसर पर रजौन प्रखंड के रजौन थाना एवं नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील, अतिसंवेदनशील और ग्रामीण इलाकों में पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया। एसडीएम राजकुमार और बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के संयुक्त नेतृत्व में निकला यह मार्च पुनसिया बाजार, रजौन बाजार, पड़घड़ी, बामदेव, टेकनी, भाटकोरामा और नवादा बाजार सहित कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस फ्लैग मार्च में रजौन सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ कुमारी सुषमा, आरओ सुरजेश्वर श्रीवास्तव, रजौन थानाध्यक्ष राज रतन, नवादा बाजार सहायक थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, अवर निरीक्षक संजय कुमार सिंह, मुकेश कुमार, विनोद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक पवन कुमार सहित काफी संख्या में सशस्त्र पुलिस बल शामिल रहे। ​इस दौरान एसडीएम राजकुमार एवं एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने संयुक्त रूप से दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि होली के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान हुड़दंग मचाने या जबरन रंग लगाने जैसी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। साथ ही, होली के मौके पर डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए असामाजिक तत्वों को पहले ही चिन्हित कर उनके खिलाफ धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है, ताकि त्योहार में कोई खलल न पड़े। ​क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सड़क मार्गों और बाजारों में पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। इसके साथ ही, अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान छेड़ते हुए तस्करों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से संयम, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि होली के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, शराब का अवैध कारोबार या उपद्रव दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, क्योंकि पुलिस और जनता की साझेदारी से ही यह त्योहार सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकता है।

रिपोर्ट :- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments