एसपी ने किया नवादा बाजार सहायक थाना एवं रजौन अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण

एसपी ने किया नवादा बाजार सहायक थाना एवं रजौन अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण



अपराधियों की नकेल कसने और लंबित कांडों के निष्पादन का दिया सख्त निर्देश
रजौन, ​बांका : कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने नवादा बाजार सहायक थाना और रजौन अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। एसपी के आगमन पर नवादा बाजार थाना पहुँचते ही पुलिस बलों द्वारा उन्हें विधिवत 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया, जिसके बाद उन्होंने थाने के कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच शुरू की। इस महत्वपूर्ण दौरे पर उनके साथ बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों, विशेषकर लूट पंजी, गिरोह पंजी, डकैती पंजी और फिरौती हेतु अपहरण से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और वारंट, कुर्की व सम्मन के मामलों में कोई कोताही न बरती जाए। जिले में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध खनन व परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए उन्होंने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई और अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सेवा में पुलिस सदैव तत्पर रहे। इस अवसर पर रजौन सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, रजौन थानाध्यक्ष राज रतन और नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार सहित रजौन अंचल के सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद दिखे।

Post a Comment

0 Comments