विधायक मनीष कुमार की पहल पर जर्जर सड़कों के कायाकल्प को मिली विभागीय मंजूरी

विधायक मनीष कुमार की पहल पर जर्जर सड़कों के कायाकल्प को मिली विभागीय मंजूरी

​रजौन ,बांका :- धोरैया विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक मनीष कुमार ने पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण स्वीकृति दिलाई है। विधायक ने मंत्री को सौंपे गए आवेदन में विशेष रूप से भागलपुर-हंसडीहा पथ (एनएच-133 ई) से जुड़ी जगदीशपुर मोड़ से सन्हौला मोड़ तक की एमडीआर सड़क की दयनीय स्थिति पर चर्चा की, जो बिहार और झारखंड को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है। वर्तमान में सिंगल लेन होने के कारण दुर्घटनाओं और जाम का केंद्र बनी इस सड़क को फोरलेन में तब्दील करने तथा आरओबी के साथ निर्माण हेतु डीपीआर व एस्टीमेट तैयार करने की मंजूरी प्रदान की गई है। इसके साथ ही पुनसिया-धोरैया पथ की जर्जर हालत को देखते हुए विधायक की मांग पर मंत्री ने विभागीय सचिव को निर्देशित किया कि प्रस्तावित स्टेट हाईवे (इंग्लिश मोड़-धोरैया) के निर्माण में लगने वाले समय को ध्यान में रखते हुए वर्तमान सड़क के ओवरलैप हिस्से को छोड़कर इसका शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए। सड़कों की तकनीकी बाधाओं को दूर करने की दिशा में विधायक ने प्रस्तावित स्टेट हाईवे के एलाइनमेंट में संशोधन का भी सुझाव दिया, ताकि सड़क आबादी से सुरक्षित दूरी (लगभग 300 मीटर उत्तर) पर रहे और भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका न रहे, जिस पर मंत्री ने अभियंता प्रमुख को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विधायक मनीष कुमार की इस सक्रियता और पथ निर्माण मंत्री के सकारात्मक रुख से पूरे धोरैया क्षेत्र में खुशी की लहर है, क्योंकि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी एक नई दिशा मिलेगी।

रिपोर्ट:- के आर राव 

Post a Comment

0 Comments