रानीटीकर में भक्ति का सैलाब: 1051 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा इलाका

रानीटीकर में भक्ति का सैलाब: 1051 कलशों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा इलाका

​रजौन,बांका :- प्रखंड के रानीटीकर गांव स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण में गुरुवार को भक्ति और आस्था का अपूर्व संगम देखने को मिला, जहां श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ के भव्य शुभारंभ के अवसर पर गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। 1051 कलशों के साथ निकली यह शोभायात्रा यज्ञ स्थल से शुरू होकर फैजपुर और सोहली के रास्ते तिलकपुर शिव मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलशों में पवित्र जल भरा गया, जिसके उपरांत शोभायात्रा बामदेव और गौतार के रास्ते वापस यज्ञस्थल पहुंचकर संपन्न हुई। कलश शोभायात्रा के दौरान सबसे आगे यज्ञाचार्य पंडित आलोक झा उर्फ वैदिक जी के साथ मुख्य यजमान सुदामा यादव व उनकी धर्मपत्नी किरण देवी चल रही थीं, जिनके पीछे आकर्षक परिधानों में सजी-धजी महिलाएं एवं नवयुवतियां माथे पर कलश लिए कतारबद्ध होकर चल रही थीं। यात्रा में शामिल रथ, घोड़े, बैंड बाजे और विभिन्न देवी-देवताओं की वेशभूषा पहने आकर्षक झांकियां इस आयोजन की भव्यता में चार-चांद लगा रहे थे। इस दौरान रानीटीकर, बामदेव, सोहली, फैजपुर, खरवा, गौतार, चकपरासी और तिलकपुर सहित आसपास के गांवों से आए हजारों श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-झूमते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। गौरतलब है कि इस महायज्ञ की औपचारिक शुरुआत विगत 10 मार्च को ध्वजारोहण के साथ हुई थी और वर्तमान में यज्ञ स्थल पर विभिन्न देवी-देवताओं की कुल 108 भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई हैं। इस नौ दिवसीय अनुष्ठान का संचालन दरभंगा के प्रख्यात यज्ञाचार्य पंडित आलोक झा के कुशल निर्देशन में किया जा रहा है। गुरुवार (02 अप्रैल) से शुरू हुए इस भक्ति महोत्सव में आगामी 10 अप्रैल तक श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या की रामलीला मंडली और वृंदावन धाम की रासलीला मंडली द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही, बच्चों और ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए मेले में विशेष रूप से सर्कस, जलपरी और तारामाछी झूला जैसे कई प्रबंध किए गए हैं। इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक समागम की सफलता को लेकर समस्त रानीटीकर ग्रामवासी व आयोजन समिति के सदस्य पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments