बांका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: धोरैया में 5 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, एसपी ने किया खुलासा

बांका पुलिस की बड़ी कार्रवाई: धोरैया में 5 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, एसपी ने किया खुलासा

बांका:- जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धोरैया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमवार को मन्नीहाट चौक के समीप सघन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ धर दबोचा। हालांकि यह कार्रवाई सोमवार को हुई थी, लेकिन बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इस पूरे मामले का आधिकारिक उद्भेदन किया। ​प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम धोरैया-नवादा जगदीशपुर सड़क मार्ग पर वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक सवार व्यक्तियों के पास से चार पैकेटों में रखा कुल 5 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र निवासी भवेश मंडल, सबौर थाना क्षेत्र निवासी कांग्रेस मंडल और धोरैया थाना क्षेत्र के बारकोप डेरु निवासी शंकर पोद्दार के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के अलावा दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त की है। ​पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक, शंकर पोद्दार, एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध धोरैया थाने में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत वर्ष 2019, 2020 और 2025 में तीन मामले दर्ज हैं। इस ताजा मामले में पुलिस ने धोरैया थाना कांड संख्या 115/26 दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष के साथ एसआई सूरज कुमार वैभव और सिपाही संजय व संजीव कुमार शामिल रहे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments