प्रमंडलीय आयुक्त ने की आवश्यक सेवाओं और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा,पीएनजी कनेक्शन में तेजी लाने और कालाबाजारी पर दिए सख्ती के निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त ने की आवश्यक सेवाओं और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा,पीएनजी कनेक्शन में तेजी लाने और कालाबाजारी पर दिए सख्ती के निर्देश

​बांका:- भागलपुर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बांका समाहरणालय सभागार में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की उपस्थिति में जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, एलपीजी-पीएनजी वितरण, उर्वरक आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में एलपीजी गैस एवं पेट्रोल-डीजल वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि जिले की 36 गैस एजेंसियों के माध्यम से 5167 उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई गई है, जबकि 3119 उपभोक्ताओं द्वारा बुकिंग की गई थी। पीएनजी कनेक्शन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 3200 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक प्राप्त 914 आवेदनों में से 602 घरों में कनेक्शन स्थापित हो चुका है, जिस पर आयुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए इस प्रक्रिया में और तेजी लाने का निर्देश दिया और स्पष्ट किया कि वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए बताया गया कि अब तक प्राप्त सभी 85 शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है, जिस पर आयुक्त ने कंट्रोल रूम को निरंतर सक्रिय रखने और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही बांका अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और मूल्य नियंत्रण हेतु निरंतर छापेमारी का निर्देश दिया गया, जिसके तहत अब तक कुल 175 छापेमारी में 2 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। वहीं उर्वरकों की उपलब्धता और सिंचाई व्यवस्था को लेकर भी आयुक्त ने कड़े निर्देश दिए, जिसमें उप विकास आयुक्त को लघु सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर किसानों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। प्रवासी श्रमिकों की संभावित वापसी को देखते हुए आंकड़ों के संधारण और अस्पतालों में गैस आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखने के निर्देश के साथ ही आयुक्त ने जिला नियंत्रण कक्ष का भौतिक निरीक्षण भी किया, जहां उन्होंने कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया। अंत में यह जानकारी साझा की गई कि यदि किसी भी उपभोक्ता को गैस वितरण से संबंधित कोई समस्या हो, तो वे समाहरणालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष के नंबरों 06424-223001, 223002 एवं 223004 पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments