रजौन,बांका :-बांका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खैरा मोड़ के पास हथियार के बल पर हुई सनसनीखेज लूटकांड का न सिर्फ महज कुछ ही दिनों में सफल उद्भेदन कर दिया है, बल्कि घटना में संलिप्त तीन शातिर अपराधियों को लूटे गए सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलों के साथ धर दबोचा है। इस पूरे मामले को लेकर रविवार को बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने रजौन थाना पहुंचकर प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर मुख्य रूप से रजौन पुलिस अंचल निरीक्षक राजेश कुमार, थानाध्यक्ष राज रतन, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, शुभम कुमार, विनोद कुमार, बौंसी एसडीपीओ रीडर विनय कुमार कुशवाहा, विलक्षण पासवान सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे। घटना के संबंध में बताया जाता है कि बीते 10 मई की शाम करीब 7:30 बजे बौंसी थाना क्षेत्र के गाजियाडीह निवासी पवन यादव के पुत्र प्रिंस कुमार अपने दोस्त राहुल कुमार की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लेकर भागलपुर जा रहे थे। जैसे ही वह रजौन बाजार होते हुए खैरा मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर घेर लिया। इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मुख्य मार्ग से करीब 4 किलोमीटर अंदर बड़ी मुरादपुर के पास शिव मंदिर के निकट ले गए, जहां अपराधियों ने प्रिंस की जेब से 1000 रुपए नकद, मोटो 5जी एंड्रॉइड मोबाइल और उसकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल छीन ली और फरार हो गए। इस मामले में पीड़ित के फर्द बयान के आधार पर रजौन थाना में धारा- 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बांका पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर बौंसी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में रजौन पुलिस और डीआईयू बांका की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने पारंपरिक, वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और कांड में संलिप्त तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी पहचान रजौन थाना क्षेत्र के नरीपा निवासी मंगल कुमार (21 वर्ष), कटियामा निवासी शिवशक्ति कुमार (19 वर्ष) और देवघर जिला के सारठ थाना क्षेत्र के नगरो निवासी लड्डू यादव उर्फ आर्यन कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करते हुए लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने वारदात को अंजाम देने में अपराधियों द्वारा इस्तेमाल की गई एक अन्य हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। इस सफल और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में रजौन थानाध्यक्ष राज रतन, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, विनोद कुमार, शुभम कुमार, डीआईयू बांका के पुलिस अवर निरीक्षक सुशील राज समेत सिपाही बच्चन कुमार, सोनू कुमार, मृत्युंजय कुमार और नवीन कुमार शामिल थे। पुलिस के अनुसार इस कांड में शामिल एक अन्य फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट :- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...