बांका में बच्चों की पढ़ाई को लेकर बड़ी पहल, अब 31 मई तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान

बांका में बच्चों की पढ़ाई को लेकर बड़ी पहल, अब 31 मई तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान


​बांका :-जिले के 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शिक्षा विभाग ने एक बेहद सराहनीय कदम उठाया है। नए अकादमिक सत्र 2026-27 के तहत जिले के सभी प्राथमिक और प्रारंभिक विद्यालयों में बच्चों का उनकी उम्र के अनुसार सही कक्षा में शत-प्रतिशत दाखिला सुनिश्चित करने के लिए विशेष नामांकन अभियान की अवधि को अब 31 मई 2026 तक बढ़ा दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी देवनारायण पंडित द्वारा जारी इस आदेश का मुख्य उद्देश्य यह है कि जिले के पोषक क्षेत्र का कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। इस अभियान को जमीनी स्तर पर पूरी तरह सफल बनाने के लिए शिक्षा सेवकों को एक बड़ी और अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षा सेवक अब अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके इलाके में एक भी बच्चा अनामांकित न छूटे। प्रशासन इस मुहिम को लेकर बेहद गंभीर है, यही वजह है कि 30 मई 2026 के बाद यदि किसी भी पोषक क्षेत्र में एक भी बच्चा बिना दाखिले के पाया गया, तो इसकी पूरी जवाबदेही संबंधित शिक्षा सेवक की होगी और उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। दरअसल, ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज नामांकनों की नियमित समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि पिछले वर्ष 2025-26 की तुलना में इस बार कक्षा 1 में केवल 82 प्रतिशत बच्चों का ही नामांकन हो पाया है। इसके साथ ही कक्षा 6 में बच्चों की पारगमन दर (ट्रांजिशन रेट) 76 प्रतिशत और कक्षा 9 में महज 40 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो अपेक्षा के अनुकूल नहीं है। इसी कमी को सुधारने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को निर्देश दिया गया है कि वे कम नामांकन वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षा सेवकों के साथ मिलकर समीक्षा करें और हर बच्चे का दाखिला कराना सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग की इस सक्रियता से अब जिले के हर बच्चे को स्कूल जाने और उज्जवल भविष्य गढ़ने का पूरा अवसर मिलेगा।

रिपोर्ट - केआर राव 

Post a Comment

0 Comments