रजौन ,बांका :- रजौन थाना क्षेत्र स्थित रूपसा-पत्तीचक के समीप मंगलवार की शाम अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक जमीन प्लॉटर की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि बाइक चला रहा उनका सहयोगी पीठ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान खैरा निवासी गौरी यादव के पुत्र मिथिलेश उर्फ बीडीओ यादव के रूप में हुई है, वहीं घायल की पहचान बरौनी निवासी स्वर्गीय सत्यनारायण चौधरी के पुत्र कुंदन चौधरी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार मिथिलेश यादव अपने सहयोगी कुंदन चौधरी के साथ बाइक पर सवार होकर अमरपुर से जमीन की रजिस्ट्री और उससे जुड़े काम निपटाकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रूपसा-पत्तीचक के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर उन्हें रुकवाया और मिथिलेश यादव के सीने पर दनादन तीन-चार राउंड गोलियां दाग दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस भयानक गोलीबारी को देखकर कुंदन चौधरी ने जान बचाकर भागने की कोशिश की, तो अपराधियों ने पीछे से उन पर भी फायरिंग कर दी। पीठ में गोली लगने के बावजूद कुंदन किसी तरह अपनी जान बचाकर अपराधियों के चंगुल से भागे और थोड़ी दूर आगे बढ़कर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस वारदात के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, रजौन सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार और थानाध्यक्ष राज रतन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। पुलिस ने घायल कुंदन चौधरी को तुरंत इलाज के लिए रजौन सीएचसी में भर्ती कराया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बेहद सक्रियता से जांच कर रही है और इस सिलसिले में पुलिस ने 3 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस एफएसएल टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, वहीं इस घटना के बाद से मृतक और घायल के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...