रजौन में गूंजा सामाजिक एकता का शंखनाद: कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रथम जिला सम्मेलन में 'बेटी-रोटी एक' करने का आह्वान

रजौन में गूंजा सामाजिक एकता का शंखनाद: कुर्मी क्षत्रिय महासभा के प्रथम जिला सम्मेलन में 'बेटी-रोटी एक' करने का आह्वान

​रजौन,बांका :-अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा, बांका जिला इकाई द्वारा रविवार को बांका जिला स्तरीय प्रथम सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। रजौन प्रखंड के बनगांव स्थित 'केशव वाटिका' के प्रांगण में आयोजित यह ऐतिहासिक सम्मेलन रजौन के पूर्व मुखिया विभाष चंद्र चौधरी की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जबकि पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इंजीनियर अमन कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि सहित अन्य सभी गणमान्य अतिथियों का फूलमाला से भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही कुर्मी महासंघ, अंग प्रदेश के सदस्यों ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार सिंह को देशरत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की तस्वीर के रूप में स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस प्रथम जिला स्तरीय सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र के पटेल समाज में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप बांका एवं इसके आसपास के इलाकों से करीब 200 से अधिक लोगों ने सम्मेलन में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने समाज को एकजुट करने और सामाजिक कुरीतियों को मिटाने पर विशेष जोर दिया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. सिंह ने समाज के भीतर व्याप्त उपजातीय भेदभाव को पूरी तरह समाप्त करने की वकालत की। उन्होंने "बेटी-रोटी एक" की भावना को धरातल पर मजबूत करने की अपील करते हुए सभी उपजातियों के बीच वैवाहिक एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने आपसी भाईचारे, सौहार्द और सभी वर्गों के साथ मिलजुल कर रहने का संदेश देते हुए संगठन की मजबूती के लिए लोगों से महासभा की सदस्यता ग्रहण करने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष के इस आह्वान का कार्यक्रम स्थल पर व्यापक असर देखने को मिला, जहां उनके विचारों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने तुरंत महासभा की सदस्यता ग्रहण करना शुरू कर दिया। इस ऐतिहासिक बैठक के दौरान समाज की एकता, संगठन विस्तार और सामाजिक जागरूकता को लेकर उपस्थित प्रबुद्ध जनों के बीच विस्तृत व सार्थक चर्चा की गई। इस महत्वपूर्ण अवसर पर समाज के कई गणमान्य नेता और समाजसेवी एकजुट हुए, जिनमें मुख्य रूप से भागलपुर जिलाध्यक्ष पवन कुमार सिन्हा, महासचिव संजीव कुमार सिन्हा, सत्यनारायण सिंह, जदयू प्रदेश सचिव मनोज कुमार सिंह, ई. भानु प्रताप सिंह, प्रमोद सिंह वेल्डन, विनय कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह, प्रो. अशोक प्रसाद सिंह, संजीव कुमार सिंह, राज कुमार सिंह, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, मुखिया संघ सचिव प्रवीण कुमार सिंह, कुर्मी महासंघ, अंग प्रदेश के सचिव संदीप कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष अजीत कुमार राव, भानु भारती, सुभाष प्रसाद सिंह, मिल्टन सिंह, विजय चौधरी, सुभाष चंद्र राव, कन्हैया लाल सिंह, पूर्व सरपंच प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व मुखिया घनश्याम सिंह, संदीप कुमार सिंह, पैक्स अध्यक्ष शम्भूनाथ वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:- चंपारण नीति समाचार संपादक- कुमुद रंजन राव

Post a Comment

0 Comments