रजौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खिरजान और भूसिया में कुर्की-जब्ती, शराब मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

रजौन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खिरजान और भूसिया में कुर्की-जब्ती, शराब मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

​रजौन, बांका  रजौन थाने की पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लंबे:- समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने यह कार्रवाई खिरजान और भूसिया दो अलग-अलग गांवों में ढोल-नगाड़े बजाकर और मुनादी कराते हुए पूरी कानूनी प्रक्रिया के तहत अंजाम दी। इस दौरान पुलिस को एक मामले में बड़ी सफलता भी हाथ लगी है। पहली कार्रवाई रजौन थाना क्षेत्र के खिरजान गांव में की गई। यह मामला बांका के विशेष उत्पाद न्यायालय में दर्ज कांड संख्या 784/21 से जुड़ा है। इसमें शराब से जुड़े मामले के आरोपी संतोष कुमार यादव (पिता- अनिल यादव उर्फ अम्बिका यादव) लंबे समय से फरार चल रहे थे। न्यायालय के आदेश पर जब पुलिस टीम उनके घर की कुर्की-जब्ती करने पहुंची, तो इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी संतोष कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी बांका के न्यायालय से जारी आदेश के आलोक में भूसिया गांव में की गई। पुलिस ने रजौन थाना कांड संख्या 308/21 में दर्ज लूटकांड (धारा 392 आईपीसी) के आरोपी करण कुमार (पिता- दीपनारायण पासवान) के खिलाफ शिकंजा कसा। वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसके बाद न्यायालय के निर्देश पर पुलिस बल ने भूसिया गांव पहुंचकर आरोपी के घर के सामानों को जब्त कर लिया। इस दोहरी कार्रवाई और गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अपराध कर कानून की नजरों से छिपने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने फरार चल रहे अन्य अपराधियों को चेतावनी दी है कि वे जल्द से जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

0 Comments