रजौन के मड़नी गांव में दीवार गिरने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

रजौन के मड़नी गांव में दीवार गिरने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

रजौन,बांका :- रजौन प्रखंड अंतर्गत मड़नी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मिट्टी और ईंट से बनी एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे के मलबे में दबने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मड़नी गांव निवासी सुनील शर्मा के पुत्र धर्मवीर शर्मा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों हुई बारिश के कारण मिट्टी और ईंट के गारे से बनी यह दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। शुक्रवार को धर्मवीर दीवार के पास पहले से गिरे हुए ईंटों को हटाकर साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान कमजोर पड़ चुकी दीवार एकाएक उसके ऊपर ढह गई, जिससे वह मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ​घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए आनन-फानन में रजौन सीएचसी ले गए। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। धर्मवीर की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल से लेकर गांव तक परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। इधर घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया। पुलिस फिलहाल आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी दुर्गा देवी, दो पुत्र और एक पुत्री से भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments