अवैध इंटर्नशिप शुल्क के खिलाफ एबीवीपी का हल्लाबोल, पीबीएस कॉलेज में तालाबंदी कर किया कामकाज ठप

अवैध इंटर्नशिप शुल्क के खिलाफ एबीवीपी का हल्लाबोल, पीबीएस कॉलेज में तालाबंदी कर किया कामकाज ठप

बांका :- तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सेमेस्टर 5 के छात्रों के लिए शुरू किए गए अनिवार्य इंटर्नशिप कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों द्वारा 500 से लेकर 950 रुपये तक की अवैध वसूली के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने उग्र आंदोलन छेड़ दिया है। इस विश्वविद्यालय व्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को परिषद के कार्यकर्ताओं ने न केवल विश्वविद्यालय मुख्यालय बल्कि इसके अंतर्गत आने वाले सभी अंगीभूत कॉलेजों को भी पूरी तरह बंद कराया, जिसके तहत बांका के पीबीएस कॉलेज में भी जोरदार तालाबंदी कर कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया गया। सुबह 10:30 बजे से लेकर दोपहर 2:30 बजे तक चले इस उग्र धरना-प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे परिसर के तमाम प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्य पूरी तरह ठप हो गए। इस आंदोलन का नेतृत्व संयुक्त रूप से कर रहे पीबीएस कॉलेज के अध्यक्ष वंश मिश्रा और नगर मंत्री राजन सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर तीखा हमला बोला। मामले की जानकारी देते हुए कॉलेज अध्यक्ष वंश मिश्रा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों के कौशल विकास के लिए जिस इंटर्नशिप को अनिवार्य किया गया था, विश्वविद्यालय प्रशासन उसे कमाई का जरिया बनाकर गरीब छात्रों का शोषण कर रहा है, इसलिए इस अवैध वसूली को तुरंत बंद कर इंटर्नशिप को पूरी तरह निःशुल्क किया जाना चाहिए। वहीं नगर मंत्री राजन सिंह ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि परिषद हमेशा से छात्रहित में ढाल बनकर खड़ी रही है और जब तक उनकी यह जायज मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इस लड़ाई को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर छात्रहितों की आवाज बुलंद करने के लिए छात्र नेता मिथुन कुमार, जिला संयोजक शिवम कुमार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजय यादव, कॉलेज मंत्री नीतीश कुमार और छोटू बाबा के साथ-साथ आस्का कुमारी, मानवी, रितु, अमृता, दीक्षा, प्रिया, मुस्कान और साक्षी सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments