नाबालिग छात्रा सकुशल बरामद, समस्तीपुर का आरोपी संजीत कुमार गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

नाबालिग छात्रा सकुशल बरामद, समस्तीपुर का आरोपी संजीत कुमार गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

)रजौन ,बांका :- प्रखंड के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के महागामा गांव से अचानक लापता हुई एक नाबालिग छात्रा को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां समस्तीपुर जिले से एक अप्राथमिकी अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है। नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 17 दिसंबर 2025 को उक्त नाबालिग छात्रा सुबह करीब 7 बजे अपने घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा अपने स्तर से काफी खोजबीन करने और सगे-संबंधियों के यहां पता लगाने के बाद भी जब लड़की का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तब थक-हारकर परिजनों ने सहायक थाना नवादा बाजार में गुमशुदगी का आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कांड दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गुरुवार को नाबालिग छात्रा को समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहरपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से ही इस कांड के अप्राथमिकी अभियुक्त संजीत कुमार (पिता- शीतल दास, निवासी- जवाहरपुर, थाना- उजियारपुर, जिला- समस्तीपुर) को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने आगे बताया कि बरामद की गई नाबालिग छात्रा को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि गिरफ्तार आरोपी संजीत कुमार को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments