12 बजे रात तक पहरा, फिर भी सिंहनान के पोखर में जहर घोल गए उपद्रवी

​रजौन,बांका :-रजौन थाना क्षेत्र के सिंहनान गांव में बीते रविवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक तालाब में जहरीला पदार्थ मिला दिया, जिससे उसमें पल रहीं कई क्विंटल मछलियां मर गईं। जानकारी के अनुसार सिंहनान निवासी स्वर्गीय विजय पासवान के पुत्र बलराम पासवान ने गांव के ही भरत भूषण झा और राजीव रंजन झा से तीन वर्षों के लिए यह पोखर लीज पर लिया था और इसमें मछली पालन कर रहे थे। पीड़ित बलराम पासवान ने बताया कि वह रविवार की रात करीब 12 बजे तक तालाब पर ही मौजूद थे और उनके जाने के बाद ही आधी रात को अज्ञात उपद्रवियों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना का पता सोमवार की सुबह तब चला जब पीड़ित तालाब पर पहुंचे और उन्होंने सारी मछलियों को पानी के ऊपर मृत अवस्था में तैरते देखा। यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते तालाब के तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस घटना से पीड़ित को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। मामले को लेकर पीड़ित बलराम पासवान ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रजौन थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इधर, आवेदन मिलने के बाद रजौन थाना पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post