विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: रजौन में 20 हजार रुपये घूस लेते विद्युत एसडीओ रंगे हाथ गिरफ्तार

विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: रजौन में 20 हजार रुपये घूस लेते विद्युत एसडीओ रंगे हाथ गिरफ्तार

 रजौन,बांका :- बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम चला रही विजिलेंस (सतर्कता अन्वेषण ब्यूरो) की टीम ने सोमवार को बांका जिले के रजौन में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विजिलेंस की 10 सदस्यीय टीम ने रजौन विद्युत अवर प्रमंडल के सहायक विद्युत अभियंता (एसडीओ) बिजेंद्र कुमार को एक बिजली उपभोक्ता से काम के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला घरेलू बिजली कनेक्शन को कमर्शियल में बदलने से जुड़ा है। दरअसल, धोरैया थाना क्षेत्र के घसिया गांव निवासी अनूप लाल यादव के पुत्र मनोज कुमार यादव ने अपने घर में पहले से घरेलू कनेक्शन ले रखा था, जिसे वे कमर्शियल कराना चाहते थे। आरोप है कि इस काम के लिए एसडीओ बिजेंद्र कुमार द्वारा पहले दो लाख रुपये की मांग की गई थी, लेकिन बाद में काफी मान-मनौव्वल के बाद सौदा 30 हजार रुपये में फाइनल हुआ। पीड़ित उपभोक्ता मनोज कुमार यादव रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने इस बात की गुप्त सूचना पहले ही पटना स्थित विजिलेंस विभाग को दे दी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने मामले का सत्यापन किया और एसडीओ को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सोमवार को तय रणनीति के तहत जैसे ही उपभोक्ता मनोज कुमार यादव 20,000 रुपये लेकर रजौन स्थित विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय पहुंचे और एसडीओ को रकम थमाई, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। विजिलेंस डीएसपी सत्येंद्र राम के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में पुलिस निरीक्षक राधेश्याम राम, पुलिस निरीक्षक अश्मित कुमार, अवर निरीक्षक शशिकांत सिंह, राहुल कुमार, रणधीर सिंह और पंकज कुमार सिंह सहित कुल 10 अधिकारी शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस डीएसपी सत्येंद्र राम ने रजौन थाना की पुलिस को पूरे मामले की आधिकारिक सूचना दी और आरोपी विद्युत एसडीओ बिजेंद्र कुमार को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना रवाना हो गए। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से रजौन सहित पूरे बांका जिले के बिजली विभाग और अन्य सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।

रिपोर्ट:- कुमुद रंजन राव 

Post a Comment

0 Comments