पिता की स्मृति में अनूठी हरित श्रद्धांजलि, श्राद्ध के अवसर पर पुत्र ने बांटे 251 पौधे

पिता की स्मृति में अनूठी हरित श्रद्धांजलि, श्राद्ध के अवसर पर पुत्र ने बांटे 251 पौधे

रजौन,बांका :- रजौन प्रखंड के कठौन गांव में पर्यावरण संरक्षण की एक अनूठी और अनुकरणीय मिसाल सामने आई है। यहां स्वर्गीय हीरामण पासवान के श्राद्ध कर्म के अवसर पर उनके पुत्र नीरज पासवान ने 'हरित रजौन' अभियान से प्रेरणा लेते हुए 251 पौधों का वितरण किया। श्राद्ध के शांति भोज में शामिल होने आए ग्रामीणों और सगे-संबंधियों के बीच अमरूद, कटहल, शमी, महोगनी, मीठा नीम, क्रोटन और तुलसी सहित कई अन्य प्रकार के पौधे बांटे गए। पौधे सौंपने के साथ ही नीरज पासवान ने सभी से इन्हें रोपित करने और इनकी उचित देखभाल करने का आग्रह किया, ताकि दिवंगत आत्मा की स्मृति प्रकृति के संरक्षक के रूप में हमेशा जीवित रहे। इस अवसर पर अग्निकर्ता विक्रम कुमार पासवान ने कहा कि किसी भी शुभ या स्मृति कार्यक्रम में पौधारोपण और पौधा वितरण ही सबसे बड़ी और सच्ची श्रद्धांजलि है। इससे न केवल दिवंगत की यादें जीवित रहती हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और हरित पर्यावरण मिलता है। वहीं पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन को समर्पित संस्था 'हरित रजौन' के प्रियरंजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज जिले में जन्मदिन, विवाह, गृह प्रवेश और श्राद्ध जैसे अवसरों पर पौधा बांटने की यह अनूठी परंपरा अब एक जन आंदोलन का रूप ले रही है, जो समाज में सकारात्मक सोच का संदेश दे रही है। इस पुनीत कार्य के दौरान गौतम पासवान, रजनीश पासवान, सुमित कुमार, निलेश कुमार, आलोक चौधरी, रमन कुमार, डॉ. विनीत, गुड्डू सिंह, रूपेश कुमार और पर्यावरण मित्र डॉ. रवि रंजन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।
रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

0 Comments