रजौन ,बांका :-ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय खुलते ही सोमवार से जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर 'एक पेड़ माँ के नाम 3.0' अभियान की शानदार शुरुआत हो गई है। दरअसल, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (बांका) के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राज कुमार राजू द्वारा 22 जून से 30 सितंबर 2026 तक सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में इको क्लब्स फोर मिशन लाइफ के अंतर्गत इस अभियान को चलाने का सख्त निर्देश जारी किया गया था। इसी कड़ी में सोमवार को पहले दिन प्रखंड के कई सरकारी विद्यालयों में इस अभियान का आगाज किया गया। इसी अभियान के तहत भवानीपुर-कठौन पंचायत अंतर्गत प्रोन्नत मध्य विद्यालय, कठौन में प्रधानाध्यापक राजीव रंजन के नेतृत्व में विद्यालय की इको क्लब टीम द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार को पहले दिन विद्यालय परिसर में दो अशोक, एक आम एवं दो अन्य पौधों सहित कुल 5 पौधों का रोपण किया गया। इस पुनीत कार्य में विद्यालय के इको क्लब के सभी सदस्यों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर शिक्षक विनय कुमार झा, मोहम्मद रहमान, नीलू कुमारी, मनोरमा कुमारी, शिवानी कुमारी और आशुतोष कुमार के अलावे काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। गौरतलब है कि विभागीय निर्देश के अनुसार बांका जिले के प्रत्येक सरकारी और निजी विद्यालय को इस अभियान के तहत न्यूनतम 69 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है, जिसके तहत लगाए गए पौधों की देखरेख करने और उन्हें जीवित रखने की जिम्मेदारी भी विद्यालय प्रबंधन की होगी। प्रोन्नत मध्य विद्यालय कठौन के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन ने बताया कि विभाग द्वारा दिए गए इसी लक्ष्य के मुताबिक विद्यालय में शेष 60 पौधों का भी रोपण जल्द से जल्द करा लिया जाएगा। बताते चलें कि इस पूरे अभियान के दौरान सभी स्कूलों में "ग्रीन समर कैंप" का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बच्चों को जल एवं ऊर्जा संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने जैसी सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पारदर्शिता के लिए भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल http://ecoclubs.education.gov.in पर इस अभियान से जुड़ी गतिविधियों और तस्वीरों को अनिवार्य रूप से अपलोड किया जा रहा है।
रिपोर्ट :- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...