बांका :-जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने, अवैध खेती पर लगाम लगाने और युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार परिसर में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) से संबंधित जिला स्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने की। बैठक के दौरान जिले में मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। डीएम और एसपी ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे मादक पदार्थों के तस्करों को चिन्हित कर उनके संदिग्ध ठिकानों पर सघन छापेमारी करें और कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के वैसे संवेदनशील इलाके जो तस्करी के लिहाज से हॉटस्पॉट हैं, उनकी पहचान करने की जिम्मेदारी सभी थाना अध्यक्षों को सौंपी गई है। थाना अध्यक्षों को इन क्षेत्रों की एक सूची तैयार कर संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपने का निर्देश मिला है। इस अभियान के तहत न केवल अपराधियों पर नकेल कसी जाएगी, बल्कि समाज को जागरूक करने और वैकल्पिक रास्ते देने पर भी काम होगा। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ आम जनता और युवाओं को जागरूक करने के लिए पूरे जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए। वहीं जिले के जिन क्षेत्रों में मादक पदार्थों की अवैध खेती की जाती है, वहां के किसानों के लिए वैकल्पिक विकास कार्यक्रम की योजना बनाने को कहा गया है, ताकि कृषि व अन्य विभागों के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा की फसलों से जोड़ा जा सके। इसके अलावा जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की नियमित निगरानी और पर्यवेक्षण का भी जिम्मा सौंपा गया है ताकि वहां मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस उच्च स्तरीय बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें सिविल सर्जन जितेंद्र कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी राजकुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (जिला गोपनीय शाखा), प्रभारी पदाधिकारी (जिला सामान्य शाखा), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला कृषि पदाधिकारी और उत्पाद अधीक्षक मुख्य रूप से शामिल थे। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि जिले में किसी भी स्तर पर नशे के काले कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्ट:- केआर राव
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...