एक्शन मोड में नए जिला कल्याण पदाधिकारी, रजौन में विकास मित्रों के साथ की अहम बैठक, अंबेडकर छात्रावास का लिया जायजा

रजौन,बांका :-बांका जिले में नवपदस्थापित जिला कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर पदभार ग्रहण करते ही पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। जिले में कार्यभार संभाले अभी महज दो दिन ही हुए हैं, लेकिन उन्होंने धरातल पर योजनाओं की समीक्षा और निरीक्षण का काम तेजी से शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर रजौन पहुंचे और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार की उपस्थिति में प्रखंड के सभी विकास मित्रों के साथ एक आवश्यक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में विकास मित्रों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। ​बैठक के दौरान मुख्य रूप से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना' (PM-AJAY) पर विस्तृत चर्चा की गई। जिला कल्याण पदाधिकारी ने इसके बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित एक अत्यंत महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों में सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार करना, लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना के तहत रजौन प्रखंड के कुल 9 गांवों का चयन किया गया है, जिसमें पड़घड़ी-लकड़ा पंचायत का दौना, सिंहनान के अमदाहा व धोबीडीह, खैरा का आनंदपुर, संझा-श्यामपुर का टेकनी, तिलकपुर के मुरादपुर और दर्जीकिता, भवानीपुर-कठौन का कठौन, और सकहारा का मकरौंधा गांव शामिल हैं। इन चयनित क्षेत्रों में विकास कार्यों और सर्वे को लेकर विकास मित्रों को मुस्तैदी से काम करने को कहा गया है। योजना की समीक्षा के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर ने बताया कि शुक्रवार को रजौन प्रखंड के सभी विकास मित्रों की एक आवश्यक बैठक बुलाई गई थी। भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है- प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM-AJAY)। इसके तहत रजौन प्रखंड के 9 अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों का चयन किया गया है। विकास मित्रों को इन चयनित गांवों में जाकर एक विस्तृत सर्वे करना है। उन्होंने आगे बताया कि चूंकि उनका बांका आए हुए अभी मात्र दो ही दिन हुए हैं, इसलिए पूर्व से चल रहे इस कार्य की समीक्षा और सर्वे के उचित निरीक्षण के लिए यह बैठक रखी गई है। विकास मित्रों द्वारा अच्छा काम किया जा रहा है, सर्वे में जो भी कमियां या जरूरतें सामने आएंगी, उस आधार पर उन्हें आगे के लिए दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। रही बात गांवों के चयन की, तो यह सीधे भारत सरकार के स्तर से निर्धारित सूची है, जिसमें मुख्य रूप से एससी बाहुल्य गांवों को शामिल किया गया है। विकास मित्रों के साथ बैठक से पूर्व जिला कल्याण पदाधिकारी ने रजौन स्थित दीपनारायण सिंह महाविद्यालय, भूसिया के समीप नवनिर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर कल्याण छात्रावास का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि छात्रावास में कुछ तकनीकी और बुनियादी कार्य अभी शेष हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि बचे हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए ताकि अनुसूचित जाति के छात्रों को जल्द ही कमरा आवंटित किया जा सके। उन्होंने बताया कि यह छात्रावास अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां छात्रों को परिसर के भीतर ही सभी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। इस हॉस्टल में रहने के लिए छात्रों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा, जिसके बाद मेधा सूची के आधार पर 100 छात्रों का चयन कर उन्हें रूम अलॉट किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक और निरीक्षण के दौरान प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम कुमार के साथ-साथ विकास मित्र राजेश कुमार हरिजन, घनश्याम दास, अशोक दास, पंकज कुमार दास, मनोज कुमार, रुद्रनारायण कुमार, पीयूष वाजपेयी, सुरेश दास, परमानंद प्रभाकर, सुभद्रा कुमारी, मंजुला देवी, सुलोचना कुमारी, बेबी कुमारी, किरण कुमारी, रीता कुमारी, ललिता कुमारी, कलावती देवी सहित विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।

रिपोर्ट:- केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post