रजौन,बांका :- प्रखंड मुख्यालय स्थित बीस सूत्री कार्यालय परिसर में मंगलवार को बीस सूत्री क्रियान्वयन समिति की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष सह रजौन दक्षिणी भाजपा मंडल अध्यक्ष नितेश कुमार उर्फ बंटी साह ने किया। बैठक में पिछले दिनों प्रखंड प्रशासन द्वारा बीस सूत्री कार्यालय में तालाबंदी किए जाने और समिति के सदस्यों की लगातार हो रही प्रशासनिक उपेक्षा को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। सदस्यों ने प्रखंड प्रशासन की इस मनमानी, सदस्यों के मान-सम्मान की अनदेखी, बैठकों में पारित प्रस्तावों को कार्यवाही पंजी में दर्ज न करने तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों पर कोई अनुपालन न होने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह कुशवाहा ने अपने बयान में कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि बीस सूत्री कार्यालय में तालाबंदी करना सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था और समिति का अपमान है। कार्यालय बंद रहने से आम जनता की समस्याओं का समाधान पूरी तरह ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि बैठकों में जनहित से जुड़े जो भी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए जाते हैं, उन्हें न तो संचिका में ठीक से दर्ज किया जाता है और न ही प्रशासन उन पर कोई अमल करता है। प्रखंड प्रशासन का यह तानाशाही और उपेक्षापूर्ण रवैया किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कार्यालय में तालाबंदी तथा समिति की उपेक्षा से जुड़े इन सभी गंभीर मामलों से जिला बीस सूत्री अध्यक्ष सह जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, बीस सूत्री उपाध्यक्ष सह जदयू जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार उर्फ विक्की मिश्रा, धोरैया विधायक मनीष कुमार तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लिखित रूप से अवगत कराया जाएगा, ताकि मामले का संज्ञान लेकर दोषी अधिकारियों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। इस बैठक में रजौन दक्षिणी के जिला परिषद सदस्य सह बीस सूत्री सदस्य मुकेश कुमार सिंह, रजौन उत्तरी भाजपा मंडल अध्यक्ष ई. मनीष कुमार, राजेश्वर प्रसाद सिंह, धीरेंद्र मंडल, कुंदन मंडल, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अंजनी कुमार चौधरी, वरिष्ठ जदयू नेता सह मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह, पूर्व जीप सदस्य उमेश कुमार उर्फ पप्पू वर्मा और भाजपा नेता गौतम विश्वकर्मा सहित एनडीए के कई प्रमुख कार्यकर्ता एवं बीस सूत्री सदस्य आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट:- केआर राव