परिजनों का रो रो कर हाल बेहाल, पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्रीय खबर, मधुबनी : धनहा थाना क्षेत्र के दौनाहा निवासी दशरथ यादव (30) की यूपी के गोरखपुर स्थित एक अस्पताल में मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वह रविवार की शाम तमकुहवा चौक के समीप बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद से उनका गोरखपुर में इलाज चल रहा था।
बताया जाता है कि रविवार की शाम दशरथ यादव बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तमकुहवा चौक के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर धनहा पुलिस मौके पर पहुंच कर घायल को इलाज के लिए मधुबनी पीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार उसका गोरखपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार की शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही दौनाहा गांव स्थित उनके घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना रविवार की शाम तमकुहवा चौक के पास हुई थी। पुलिस टीम ने घायल को मधुबनी पीएचसी पहुंचाया था, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया था। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान दशरथ यादव की मौत हो गई। देर शाम तक शव के गांव पहुंचने की संभावना है।