बांका : पत्नी से हुए घरेलू विवाद के बाद झारखंड के एक युवक ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया, जिससे पुलिस और विद्युत विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं। झारखंड के दुमका जिले का रहने वाला मनोज राय बांका सदर प्रखंड क्षेत्र के मुरहारा रेलवे हॉल्ट के पास स्थित 132 केवी (KV) हाईटेंशन बिजली टावर पर जा चढ़ा। शुक्रवार की सुबह 9 बजे शुरू हुआ यह ड्रामा देर रात तक बदस्तूर जारी रहा और 13 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी युवक नीचे उतरने को राजी नहीं हुआ। बांका टाउन थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने फोन पर बताया कि युवक अब भी पोल पर ही जमा हुआ है और पुलिस-प्रशासन की टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार मशक्कत कर रही है। सुबह जब ग्रामीणों ने युवक को टावर पर चढ़ते देखा तो तुरंत डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक को समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। जब कुछ पुलिसकर्मी उसे रेस्क्यू करने के लिए टावर पर चढ़ने लगे, तो युवक डरकर और अधिक ऊंचाई की ओर जाने लगा, जिससे खतरे को देखते हुए रेस्क्यू टीम को पीछे हटना पड़ा। पुलिस ने आनन-फानन में युवक के परिजनों को भी सूचना दी ताकि उनकी मौजूदगी में उसे मनाया जा सके। इधर युवक की जान बचाने के के लिए विद्युत विभाग ने 132 KV लाइन समेत बांका पावर ग्रिड से रजौन विद्युत सब-स्टेशन को जाने वाली 33 KV की मुख्य सप्लाई तुरंत बंद कर दी। आपूर्ति बहाल रखने के लिए जगदीशपुर स्टेशन से रजौन को वैकल्पिक बिजली दी गई, लेकिन अत्यधिक लोड के चलते सिस्टम बार-बार ट्रिप होकर ध्वस्त हो रहा है। इसके कारण रजौन प्रखंड के धर्मायचक फीडर समेत कई ग्रामीण इलाकों की बिजली पूरी तरह ठप हो गई है और हजारों लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हैं। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे हुए थे और जिद्दी युवक को नीचे उतारने की जद्दोजहद जारी थी।
रिपोर्ट :- केआर राव