बेतिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बेतिया में तीन दिवसीय अंतर-सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पटना सीमांत के महानिरीक्षक निशित कुमार उज्ज्वल ने किया। प्रतियोगिता में एसएसबी के विभिन्न सीमांतों की कुल 60 टीमें, जिसमें फ्रंटियर सीमांतों के साथ एक बल मुख्यालय की टीम भी शामिल है, हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक निशित कुमार उज्ज्वल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जवानों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विभिन्न सीमांतों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से जवानों के बीच आपसी सौहार्द, भाईचारा और समन्वय मजबूत होता है। प्रतियोगिता केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे से सीखने और संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करती है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी सीमांत पटना की ओर से क्षेत्रीय मुख्यालय बेतिया को सौंपी गई थी। आयोजन को सफल बनाने में पूरी सेक्टर टीम के साथ 65वीं बटालियन तथा जिला खेल विभाग का भी सहयोग रहा। अधिकारियों ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, जवानों, कर्मियों और जिला खेल विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह में चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय, एसएसबी के डीआईजी हरिप्रकाश, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, बगहा एसपी राजेश कुमार, बेतिया नगर निगम की महापौर गरिमा देवी सिकारिया, कमांडेंट विपिन कुमार, बलवंत सिंह सहित एसएसबी के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही जवानों में खासा उत्साह देखने को मिला। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।