महंगाई पर भारी आस्था: दीपावली व छठ महापर्व की पूजन सामग्रियों की खरीदारी को लेकर हाट-बाजारों में उमड़ा जनसैलाब

​रजौन,बांका :- प्रखंड क्षेत्र में दीपोत्सव और लोकआस्था के महापर्व छठ की तैयारी को लेकर ग्रामीण हाट-बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। प्रखंड क्षेत्र के रजौन बाजार, नवादा बाजार, पुनसिया बाजार, धौनी हाट, बामदेव बाजार, राजावर मोड़-खिड्डी हाट, कटियामा और श्यामपुर-टेकनी सहित सभी ग्रामीण हाट-बाजारों में इन दिनों पूजन सामग्रियों की खरीदारी के लिए खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी कड़ी में 2 नवंबर को रजौन और नवादा बाजार में साप्ताहिक हाट होने के चलते सुबह से ही दोनों जगहों पर पूजन सामग्रियों की खरीदारी के लिए खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस बार त्योहारी सीजन में आगामी 6 नवंबर (शुक्रवार) को धनतेरस, 7 नवंबर (शनिवार) को छोटी दीपावली और 8 नवंबर (रविवार) को दीपोत्सव, लक्ष्मी पूजा एवं काली पूजा मनाई जाएगी, जिसके ठीक बाद 13 नवंबर (शुक्रवार) को नहाय-खाय (कद्दू-भात) के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का आगाज होगा। इसके उपरांत 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और 16 नवंबर (सोमवार) को उगते सूर्य को अर्घ्यदान के साथ यह महापर्व संपन्न होगा। आगामी पर्वों को देखते हुए बाजारों में पूजन सामग्रियों की कीमतें आसमान छू रही हैं, लेकिन लोगों की अटूट आस्था के आगे महंगाई पूरी तरह बेअसर साबित हो रही है। रजौन के हाट-बाजारों में मिट्टी के दीये 100 रुपये प्रति सैकड़ा, संठी (सनसनाठी) 10 रुपये मुट्ठा तथा छठ पूजा के लिए सूप व नारियल 200 रुपये प्रति जोड़ा बिकने के बावजूद श्रद्धालुओं ने मिट्टी के दीये, रुई-बाती, मोमबत्ती, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, पटाखों, फुलझड़ियों और कपड़ों की जमकर खरीदारी की, जिससे देर शाम तक बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची।  
रिपोर्ट:-केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post