रजौन,बांका :-प्रखंड क्षेत्र के नवादा बाजार स्थित उन्नति जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ के तत्वावधान में मंगलवार को मद्य निषेध को लेकर एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को शराब व अन्य नशीले पदार्थों के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। इस रैली का संयुक्त नेतृत्व लक्ष्मीबाई जीविका संकुल की अध्यक्ष संजू देवी, सचिव रीना भारती, कोषाध्यक्ष रिंकू देवी, एमबीके कंचन कुमारी, सीएफ नीलू कुमारी, रामबरन कुमार तथा सामुदायिक समन्वयक अभिषेक कुमार ने किया। रैली में जीविका से जुड़ी दीदियों और सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में तख्तियां लिए महिलाओं ने पोषक क्षेत्र का भ्रमण किया और नारे लगाकर लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि शराब न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करती है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से तोड़ देती है। इस अवसर पर जीविका दीदियों ने एकजुट होकर "नशामुक्त परिवार ही सुखी परिवार है और नशामुक्त समाज ही विकसित राज्य की असली पहचान है" का संदेश दिया। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर मद्य निषेध को लेकर जन-जागरूकता फैलाना, महिलाओं की सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा नशामुक्त बिहार के संकल्प को धरातल पर मजबूत करना है। उन्नति जीविका संकुल की इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने भी सराहना की।
रिपोर्ट:-केआर राव