बांका : भागलपुर गोड्डा मुख्य सड़क मार्ग पर मंगलवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पंजवारा स्थित चीर नदी के उच्चस्तरीय पुल पर गोड्डा से भागलपुर जा रही यात्रियों से भरी 'श्रीहरि' बस में अचानक भीषण आग लग गई. बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. समय रहते स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी हादसा टल गया.
बैटरी में चिंगारी के बाद धुएं से भरी बस, तीन महिलाएं हुईं बेहोश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस करीब 36 से 40 यात्रियों को लेकर गोड्डा से भागलपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान चीर नदी पुल पर चालक के पास रखी बैटरी से अचानक चिंगारी निकलने लगी और कुछ ही देर में बैटरी ब्लास्ट होने के बाद आग भड़क गई. देखते ही देखते पूरी बस घने धुएं से भर गई.
बस की खिड़कियों के शीशे बंद रहने के कारण अंदर बैठे यात्रियों को सांस लेने में भारी परेशानी होने लगी और कई लोगों का दम घुटने लगा. अत्यधिक धुएं के कारण बस में सवार तीन महिलाएं बेहोश हो गईं. घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर सभी यात्रियों और बेहोश महिलाओं को बाहर निकाला और उपचार के लिए गोड्डा अस्पताल भिजवाया.
काफी विलम्ब से आयी अग्निशामन वाहन
अगलगी की इस घटना में यात्रियों का कई कीमती सामान, बैग, कपड़े और अन्य जरूरी दस्तावेज बस के अंदर ही जलकर राख हो गए. बताया जा रहा है कि सूचना दिए जाने के करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. हालांकि, दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.
पुल के दोनों ओर लगा वाहनों का लंबा जाम, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
चीर नदी के उच्चस्तरीय पुल के बीचों-बीच बस धू-धू कर जलने और दमकल की कार्रवाई के कारण गोड्डा-पंजवारा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
सुबह-सुबह हुई इस घटना ने एक बार फिर यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्था और उनमें अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस में उचित सेफ्टी वायरिंग और अग्निशमन यंत्र मौजूद रहते, तो न केवल इस बड़े हादसे को रोका जा सकता था, बल्कि यात्रियों का कीमती सामान भी जलने से बच जाता. वर्तमान में अधिकांश यात्री वाहनों में मानकों के अनुरूप सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से यात्री पूरी तरह भगवान भरोसे सफर करने को मजबूर हैं.
