रजौन, बांका: लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर रजौन और धोरैया प्रखंड की सीमा पर अवस्थित कोतवाली एवं बलथारा गांव के केंद्र बिंदु पर स्थित कोल्हनी नदी के गढ़ी घाट पर बने भव्य छठ घाट का बांका जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही उन्होंने घाट का गहन निरीक्षण किया और छठ पूजा समिति तथा पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ ही 24 घंटे के अखंड संकीर्तन का भी शुभारंभ हुआ। मीडिया को संबोधित करते हुए डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों की टीम के साथ जिले के उन सभी प्रमुख छठ घाटों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ जुटती है। उन्होंने घाट की साज-सज्जा, विद्युत और सफाई व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा पूजा समितियों को भरपूर सहयोग दिया जा रहा है। डीएम ने संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही और अभिभावकों से विशेष अपील की कि वे घाट पर छोटे बच्चों को किसी भी स्थिति में अकेला न छोड़ें। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से दो प्रमुख अपील करते हुए विशेषकर युवा वर्ग से छठ मैया के इस पवित्र पर्व पर बांका जिले और सभी प्रखंडों को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने को कहा। वहीं दूसरी अपील में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत प्रति किलोवाट 40 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है, लिहाजा अधिक से अधिक लोग इस योजना की जानकारी लेकर सौर ऊर्जा को अपनाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए घाट पर दो चेंजिंग रूम बनाए गए हैं और गहरे पानी से आगाह करने वाले चेतावनी बैनर लगाए गए हैं। जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, बांका की ओर से छठ की शुभकामनाओं के साथ-साथ 'शराब की आदत बर्बादी की ओर', 'नशामुक्त जीवन खुशहाली का भोर', 'मद्य निषेध अपनाओ, परिवार खुशहाल बनाओ' तथा 'महा निवेश अपनाओ, परिवार खुशहाल बनाओ' जैसे जागरूकता स्लोगन युक्त बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं। इसके अलावा 'नशा मुक्त बिहार' और 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' से संबंधित सेल्फी पॉइंट भी घाट की भव्यता में चार चांद लगा रहे हैं। इस भव्य छठ घाट को आकर्षक रूप देने में डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, विपिन यादव, विनोद कुमार सिंह, संजीव कुमार, अविनाश कुमार उर्फ चिक्कू, अरविंद कुमार सिंह, छंगुरी सिंह, पप्पू, राजेश, शालिग्राम, राजीव रंजन सिंह, अजीत कुमार सिंह सहित अन्य स्थानीय लोगों का सराहनीय योगदान रहा है। उद्घाटन के इस अवसर पर बांका एसडीएम राजकुमार, बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, बीडीओ अंतिमा कुमारी, सीओ विश्वजीत कुमार, नवादा बाजार सहायक थाना के थानाध्यक्ष सुजीत कुमार, आरओ सह प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सुरजेश्वर श्रीवास्तव, रजौन जेई भरत कुमार, अमहारा-हरचंडी पंचायत के मुखिया भैरो सिंह कुशवाहा, पूर्व उप प्रमुख रामविलास सिंह, समाजसेवी विपिन कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक रणजीत कुमार सिंह, रामरतन साह, उपमुखिया अखिलेश कुमार सिंह, सरपंच राजीव कुमार सिंह, अविनाश कुमार उर्फ चिक्कू, रविंद्र पासवान, अजय कुमार झा सहित कोतवाली, बलथारा व आसपास के सैकड़ों ग्रामीण प्रबुद्धजन मौजूद थे।
रिपोर्ट:-केआर राव