संपूर्ण जिला क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाये रखने हेतु चाक-चौबंद व्यवस्था : जिलाधिकारी


बेतिया । शरारती तथा असामाजिक तत्वों के विरूद्ध की जायेगी कड़ी कार्रवाई। सोशल मीडिया पर भी रखी जा रही है पैनी नजर। अयोध्या राम मंदिर तथा बाबरी मस्जिद विवाद को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आदेश पारित कर दिया गया है। शरारती तत्वों एवं असामाजिक तत्वों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था को प्रभावित किया जा सकता है। इसलिए शरारती तत्वों एवं असामाजिक तत्वों से निबटने हेतु जिला प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। सभी पदाधिकारी/पुलिस पदाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील संस्थानों, महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। जिलाधिकारी, डाॅ0 निलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि भारत-नेपाल सीमान्तर्गत निगरानी बढ़ा दी गयी है तथा चेकपोस्ट बनाकर आने-जाने वालों की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही माॅल, रेलवे स्टेशन, बड़ी दुकानों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, आॅटो स्टैंड, अस्पतालों, मंदिर, पार्क आदि भीड़भाड़ वाले इलाकों में गहन निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साइबर कैफे की भी गहन जांच करने का निदेश दिया है। सोशल मीडिया पर पैनी नजर बनाकर हर एक पोस्ट की गहन छानबीन की जा रही है। आम लोगों से अपील की गयी है कि सोशल मीडिया पर किसी धर्म/सम्प्रदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले पोस्ट नहीं करें। इसके साथ ही किसी भी प्रकार का पोस्टर, पर्चा, आलेख, फोटो आदि अथवा किसी व्यक्ति विशेष के विरूद्ध अपमानजनक पर्चा, आलेख, फोटो के प्रकाशन पर भी सख्त कार्रवाई करने हेतु अधिकारियों को निदेशित किया गया है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post