

बेतिया। जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति तथा बाल विवाह-दहेज प्रथा उन्मूलन के समर्थन में 19 जनवरी को मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाना है। मानव श्रृंखला निर्माण में आमलोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उदेश्य से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज दिनांक-11.01.2020 को माननीय सांसद, श्री संजय जायसवाल एवं जिला पदाधिकारी, डाॅ0 निलेश रामचंद्र देवरे, उप विकास आयुक्त, श्री रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह, द्वारा वाहनों पर जल-जीवन-हरियाली का संदेश अंकित स्टीकर लगाकर इस अभियान की शुरूआत की गयी। इस अवसर पर जिलाधिकारी, डाॅ0 देवरे ने कहा कि जल और हरियाली के बिना जीवन की कल्पना बेकार है। जीवन को बचाने के लिए जल और हरियाली के संरक्षण हेतु सभी को अपनी-अपनी भागीदारी देनी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा जल एवं पर्यावरण के संरक्षण हेतु विभिन्न कार्यक्रमों/योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही नशामुक्ति हेतु भी सभी लोगों को जागरूक होना पड़ेगा तभी यह जिला नशामुक्त हो सकेगा। नशापान करने से व्यक्ति कई गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाता है तथा उसे कई प्रकार की समस्याओं का सामना पड़ता है। इसलिए नशापान का त्याग कर स्वच्छ जीवन व्यतीत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियां बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के उन्मूलन हेतु भी सरकार द्वारा कई जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जबतक सामाजिक स्तर पर लोग जागरूक नहीं होंगे तबतक बाल विवाह एवं दहेज प्रथा को शत-प्रतिशत खत्म नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को इस सामाजिक कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील किया है कि 19 जनवरी को बनने वाली विशाल मानव श्रृंखला के निर्माण में अपनी-अपनी भागीदारी दें। उन्होंने जन-जन तक जल-जीवन-हरियाली अभियान के फायदों को पहुंचाने की बात कही।
वहीं मुहर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने हेतु अभियान की शुरूआत की गयी। प्रधान डाकघर, बेतिया में चिट्ठी-पत्री पर जल-जीवन-हरियाली, नशामुक्ति तथा दहेज प्रथा-बाल विवाह उन्मूलन के समर्थन में बनने वाली मानव श्रृंखला में भाग लेने हेतु अंकित संदेश वाली मुहर को लगाकर इसका शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री रवीन्द्र नाथ प्रसाद सिंह, डीपीएम, जनशिक्षा, श्री संजीव कुमार, पोस्टमास्टर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
0 Comments
आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...