कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया थाना क्षेत्र के राजवाड़ा गांव स्थित एक कुएं से शनिवार को एक युवक की लाश बरामद की गयी। मृतक राजवाड़ा गांव के मिथिलेश तिवारी का छोटा पुत्र अंकन कुमार अंकित (19 वर्ष) बताया गया है। घटना को लेकर परिजनों द्वारा किसी पर भी आरोप नहीं लगाया गया है। साथ ही पोस्टमार्टम भी नहीं कराया गया। परिजनों के अनुसार अंकन तीन दिन पूर्व बुधवार शाम को परिजनों को बिना कुछ बताए घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं आने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की। लेकिन युवक का कहीं कुछ पता नहीं चला। इधर शुक्रवार को गांव के बगल के एक चरवाहे ने आस पास फैल रही बदबू के बाद आशंका होने पर कुएं में झांक कर देखा तो वहां एक युवक की लाश तैर रही थी। चरवाहे द्वारा हो-हल्ला करने पर गांव के लोग दौड़कर आये। शव की पहचान होने पर ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों तथा कटोरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कटोरिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार, प्रशिक्षु अनि मंटू सिंह,सअनि बिपिन कुमार सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की गई। इधर मृतक के पिता द्वारा किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया गया। पिता द्वारा बताया गया कि शौच में जाने के क्रम में पैर फिसल जाने से वह कुएं में गिर गया होगा और उसकी मौत हो गई होगी। घटना को लेकर पूरे परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है मां पूनम देवी, पिता मिथिलेश तिवारी, दादी सुनीला देवी, दादा मृत्युंजय तिवारी ,चाचा भाई का रो रो कर बुरा हाल है। हालांकि घटना को लेकर आसपास के लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। इस मौके पर पूर्व पार्षद विक्रम प्रताप सिंह ,ठाकुर सौरभ सिंह, मुनि मुनि नाथ तिवारी ,शिक्षक मोहन कुमार यादव आदि सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे।

