*--होली के मौके पर सैकडों परिवारों के बीच बंटे बाल्टी-पिचकारी, रंग उपहार*
*--मौके पर जुटे लोगों को नप की निवर्तमान सभापति ने दिये प्रेम, सौहार्द, भाईचारे का संदेश*
बेतिया।लाल बाजार स्थित अपने आवासीय कार्यालय में नप की निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया के द्वारा होली सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार को किया गया। रंग, अबीर, मिठाई, बाल्टी, पिचकारी, शीतल पेय आदि और उपहार सामग्री का वितरण उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र वार्ड 24 के सैकड़ों परिवारों व अन्य के बीच किया। इस मौके पर जुटे लोगों व पत्रकार-प्रेस छायाकारों के बीच उन्होंने होली का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि होली उमंग, उल्लास और प्रेम-भाईचारा बढ़ाने का त्योहार है। हम सबको अपने मन की कलुषित भावनाओं का होलिकादहन कर नेह की ज्योति जलाने का संकल्प लेना चाहिए। समाज में सौहार्द व भाईचारा बढ़ाने का संदेश देने वाले होली के त्योहार को यादगार बनाने में हम सभी को अपना योगदान देना चाहिये। श्रीमती सिकारिया ने कहा कि होली शरद ऋतु की विदाई और ग्रीष्म ऋतु के आगमन का सांकेतिक पर्व है। अब देश क्या विदेशों तक में मनाई जाने वाली होली पर एक ही संदेश आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ाने का होता है। जिसमें अविभूत होकर लोग अपना दु:ख-दर्द भूलकर रंगों के उमंग में डूब जाते हैं। इस मौके पर सुमन देवी सिकारिया, नवेन्दु चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।
