शराब माफिया का घर सील,होगी नीलामी

 बांका: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है. लेकिन इसके बावजूद भी शराब की बिक्री को लेकर सवाल उठते रहे है. शराब बिक्री को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रवैया अख्तियार कर लिया है. शराब माफियाओं और कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए अब घरों को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जिले में पहली बार डीएम के निर्देश पर विजयनगर मोहल्ले में कटोरिया बस स्टैंड के समीप एक घर को सीओ और थानाध्यक्ष की मौजूदगी में सील कर दिया गया है।

सीओ सुजीत कुमार ने बताया कि डीएम सुहर्ष भगत के निर्देश पर विजयनगर मोहल्ले में मुकेश साह के घर को सील कर दिया गया है. मुकेश साह की पत्नी ज्योति देवी के पास से 24 मार्च को 38 बोतल शराब की बरामदगी की गई थी। शराब की कुल मात्रा 27 लीटर थी। इस मामले में आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया था। वहीं टाउन थाना पुलिस ने एक और छापेमारी में देसी शराब की खेप को बरामद किया गया है। इस मामले में आरोपी नरेश चौधरी के घर को सील कर दिया गया । साथ ही घर से 300 बोतल देसी शराब बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।सील करने के बाद स्थानीय लोगों को ताकीद दी गई है कि अगर किसी के माध्यम से सील को तोड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो  उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जब्त किये गये शराब मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पिछले दिनों जिन लोगों के घरों से शराब बरामद की गई है, उनके घरों को सील किया जा रहा है। पहले चरण में 25 मकानों की लिस्ट तैयार की गई है।जिसे सील किया जाना है। पुलिस शराब माफियाओं के विरूद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है. घर सील होने के बाद न्यायालय के आदेशानुसार घरों का नीलामी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।


Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post