रजौन (बांका),रजौन बाजार स्थित शिव सुभद्रा पब्लिक स्कूल के हॉस्टल से छठी क्लास का छात्र गौतम कुमार (12 वर्ष) का दो सितंबर से गुमशुदा होने की खबर है। जिसका अपहरण किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। गुमशुदा छात्र गौतम कुमार मूल रूप से चांदन थाना क्षेत्र के करवामारम गांव के रहने वाले हैं। शुक्रवार को छात्र की गुमशुदगी की खबर सुनकर पिता पंकज कुमार रजौन थाना पहुंचकर अपने बेटे के गायब होने की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान स्कूल पहुंचकर छानबीन में जुट गए। पीड़ित पिता ने बताया कि 2 सितंबर को शिव सुभद्रा पब्लिक स्कूल से फोन पर बताया गया कि आपका लड़का हॉस्टल से गायब है। जब पूछे कि कहां चला गया तो बताया कि वह स्कूल से कहीं निकल कर चला गया है। जिसके बाद आसपास के रिलेटिव के यहां भी पता लगाया गया लेकिन कुछ अता पता नहीं चल सका। वहीं चांदन थाना क्षेत्र के करवामारम गांव निवासी पंकज कुमार ने बताया कि मैंने अपने पुत्र गौतम कुमार को रजौन के शिव सुभद्रा पब्लिक स्कूल के एक हॉस्टल में पढ़ने के लिए दिए थे, जो लापता हो गया है। छात्र के लापता होने की खबर से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।रजौन थानाध्यक्ष ने बताया कि स्कूल पहुंचकर मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही पता लगा लिया जाएगा।
रिपोर्ट: केआर राव