रजौन, बांका : प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों का बिहार बोर्ड दसवीं परीक्षा का रिजल्ट बेहतर हो इस उद्देश्य से एक दिसंबर से दो महीने का निःशुल्क क्रैश कोर्स शिवमणि संस्थान द्वारा कराया जाएगा। बहुउद्देशीय सामाजिक संस्था शिवमणि वेलफेयर एडुकेशनल सोसाइटी के तत्वावधान में रजौन बाजार में 40 बच्चों को सभी विषयों की तैयारी क्रैश कोर्स के तहत कराई जाएगी। सोसाइटी के सचिव शिवपूजन सिंह ने बताया कि योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों की टोली का मार्गदर्शन ग्रामीण बच्चों को मिलेगा और बोर्ड परीक्षा में बेहतर रिजल्ट होगा। पहले दौर में 40 बच्चों को निःशुल्क क्रैश कोर्स का लाभ मिलेगा। इन बच्चों को आगामी विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा के लिए मोटिवेशन भी मिलेगा। इस कोर्स का लाभ लेने के लिए बच्चों को निबंधन कराना होगा। पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर नामांकन होगा। विशेष जानकारी के लिए कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
रिपोर्ट:केआर राव