त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के छठे चरण के तहत बांका के बाराहाट में मतदान बुधवार को, तैयारी पूरी

बांका : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के छठे चरण में जिले के बाराहाट प्रखंड में 19 पंचायतों के लिए जिला परिषद, पंचायत समिति, मुखिया, वार्ड सदस्य, ग्राम कचहरी के सरपंच और पंच पद के लिए आज मतदान होना है। जिसका प्रचार-प्रसार का दौर सोमवार को शाम में थम गया। शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासनिक अधिकारी पूरी तैयारी कर लिए हैं। मतदान से पूर्व शुक्रवार को डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से प्रखंड मुख्यालय में सभी अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक कर चुनाव तैयारियों का जायजा भी लिया था। मालूम हो प्रखंड क्षेत्र के 15 पंचायतों के लिए 198 बूथों पर 1860 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज ईवीएम एवं बैलेट बॉक्स में कैद होगा। जिसका परिणाम 05 एवं 06 नवंबर को बांका के पीबीएस कॉलेज में मतगणना के बाद आएगा। प्रखंड क्षेत्र के 15 पंचायतों में कुल 439 पदों के लिए कुल 1860 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। 15 मुखिया पद के लिए कुल 123 प्रत्याशियों में से 64 पुरुष एवं 59 महिला प्रत्याशी, दो जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 23 प्रत्याशी में से 19 पुरुष एवं 4 महिला प्रत्याशी, 19 पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 97 प्रत्याशियों में से 54 पुरुष एवं 43 महिला प्रत्याशी, 194 वार्ड सदस्य पद में से 2 निर्विरोध चुने गए हैं शेष 192 पदों के लिए कुल 1048 प्रत्याशी में से 505 पुरुष एवं 543 महिला प्रत्याशी, ग्राम कचहरी के 15 सरपंच पद के लिए कुल 91 प्रत्याशी में से 50 पुरुष एवं 41 महिला प्रत्याशी तथा 194 पंच पद में से 34 निर्विरोध चुने गए हैं, शेष 160 पंच पद के लिए कुल 478 प्रत्याशी में से 218 पुरुष एवं 260 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। प्रखंड क्षेत्र के 15 पंचायतों में होने वाले चुनाव को लेकर 148 भवनों में कुल 198 बूथ बनाया गया है, जिसमें से 4 सहायक बूथ तथा 51 महिला मतदान केंद्र बनाया गया है। इसमें से 30 बूथ संवेदनशील हैं, जिस पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्रों पर छह-छह मतदान कर्मी तैनात होंगे। इसके लिए यहां 1188 मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बता दें कि इसमें से 31 महिला मतदान कर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा यहां 106 गश्ती दल एवं 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। मालूम हो 15 पंचायतों के 198 बूथों को 19 सेक्टरों में बांटा गया है। मंगलवार को सभी मतदानकर्मियों को चुनाव सामग्री दी जाएगी। मतदान के लिए कुल 106 पीसीसीपी तथा 236 बैलेट बॉक्स को लगाया जाएगा। मतदान सम्पन्न कराने के लिए करीब तीन सौ वाहनों को लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बाराहाट प्रखंड में कुल एक लाख पांच हजार 149 मतदाता बुधवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए डीएम सुहर्ष भगत व एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को बाराहाट प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर सभी अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक की। डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों से बूथ पर प्रदान की जाने वाली सुविधा को लेकर की गई तैयारी की जानकारी ली। बैठक में डीएम ने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों का दायित्व रहेगा कि मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था दुरुस्त रहे, साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट और मतदान कर्मियों को पारदर्शिता के साथ चुनाव कराने को कहा है। डीएम ने कुल 198 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। डीएम ने निर्वाचन से संबंधित सभी तकनीकी पक्षों को सतर्कता तथा निर्वाचन के दौरान संभावित बाधाओं पर चर्चा की। मतदान के क्रम में मतदाताओं को कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो इसके लिए जोनल मजिस्ट्रेट एवं सुपर मजिस्ट्रेट को एक्शन मोड में रहने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि बगैर अनुमति लिए घूमने वाले प्रत्याशियों के वाहन को जब्त कर लिया जाएगा। वहीं, जुलूस निकालने पर सख्त मनाही रहेगी।
एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन करने और असमाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखते हुए हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एसपी ने कहा कि मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गड़बड़ी फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अतिसंवेदनशील बूथों की निगरानी के लिए विशेष धावा दल की व्यवस्था की गई है। पूरे प्रखंड क्षेत्र में बाइक सवार पुलिस की टीम भ्रमण करती रहेगी। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को चुनाव के दौरान वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस मौके पर एसडीएम डॉ. प्रीति, एसडीपीओ दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव, बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी राकेश कुमार, सीओ राजेश कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर गोपाल सिंह, सीडीपीओ पुतुल कुमारी, पीओ जावेद कमाल, बाराहाट थानाध्यक्ष शंकर दयाल प्रभाकर, पंजवारा थानाध्यक्ष अनिल कुमार साह सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।
रिपोर्ट: केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post