रजौन (बांका):रजौन प्रखंड में काली पूजा एवं मेला को लेकर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। प्राप्त जानकारी के अनुसार काली पूजा को लेकर रजौन बाजार सब्जी हाट परिसर, पुनसिया बाजार, चिलकाबर, महदा, भगवानपुर, सिंहनान, बामदेव, लकड़ा एवं नवादा सहायक थाना अंतर्गत सकहारा गांव में काली मां की प्रतिमा स्थापित कर मंदिरों में पूजा अर्चना बर्षों से होती आ रही है। रजौन हाट परिसर के काली मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना के उपरांत धनतेरस तीन नवंबर की देर संध्या प्रतिमा स्थापित कर दिया गया था। जबकि शेष स्थानों के काली मंदिरों में गुरुवार की शाम वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा अर्चना प्राण प्रतिष्ठा के साथ काली मां सहित अन्य देवी देवताओं का प्रतिमा स्थापित की गई। सकहारा, पुनसिया, बामदेव, लकड़ा के काली मंदिर परिसर में पाठा बलि भी दिया गया। सकहारा ग्रामवासियों एवं पूजा समिति प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजित किए जाने की खबर है। पाठा बलि के साथ-साथ देवी मां की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की दिनभर भीड़ उमड़ती रही। सभी स्थानों पर सुख समृद्धि अमन चैन शांति के लिए अखंड हरिनाम संकीर्तन भी पूजा समिति द्वारा करवाया जा रहा है। बामदेव, लकड़ा आदि पूजा समिति द्वारा श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए मनोरंजन के साथ साथ खेल खिलौने प्रसाधनों, मिठाई की दुकानों आदि से मेला परिसर सजा रहा। सभी पूजा पंडालों मंदिरों को तोरण द्वार, रंग बिरंगी झालर दूधिया रोशनी आदि से चकाचौंध किया गया है। कोविड-19 वैश्विक महामारी के कारण गत वर्ष 2020 में पूजा सिर्फ नाम मात्र के रूप में किया गया था। इस कारण इस वर्ष काली मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील पुनसिया, बामदेव अभी स्थानों में सशस्त्र बलों के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार, थानाध्यक्ष बुद्धदेव पासवान, नवादा सहायक थानाध्यक्ष मु नसीम खां स्वयं पूजा एवं मंदिर परिसर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं। प्रतिमा का विसर्जन शनिवार एवं शेष स्थानों का रविवार दोनों दिन किए जाने की खबर है।
रिपोर्ट: केआर राव