प्रयागराज। फाफामऊ थाना क्षेत्र के लेहरा गाँव में भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अजय शर्मा को गोली मार दी गई। बदमाशों ने सोमवार की रात में वारदात को अंजाम दिया। गंभीर अवस्था में उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर शहर के आनन्द हॉस्पिटल में उनका इलाज हो रहा है। सोमवार को दस बजे रात घर से दूर शौच करने निकले अजय को घात लगाये बैठे नकाबपोश बदमाशों पांच गोली मारी। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली पेट व कंधे पर लगी है। फिलहाल जानलेवा हमला करने वालों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद से गांव में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि हमलावर कार और बाइक से आए थे। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद परिवार के लोगों व ग्रामीणों से न पूछताछ किया।आनंद अस्पताल में अजय जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। इंस्पेक्टर फाफामऊ रामकेवल पटेल का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।हमलावर कौन थे और अजय शर्मा को क्यों गोली मारी अभी कुछ भी पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कई जगहों पर छापेमारी की गई है। अभी तक कोई भी सुराग नहीं लग सका है।