रजौन (बांका): प्रखंड क्षेत्र में तीसरे चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद गांव में चुनावी रंजिश मारपीट की घटनाएं सामने आने लगी है।दो व तीन टर्म्स से रजौन क्षेत्र में मुखिया और जिला परिषद रहे प्रत्याशियों को जनता ने नकारने के बाद बौखला कर रंजिश और हिंसा की घटना को अंजाम देने लगे हैं। बता दे की तीसरे चरण के चुनाव में प्रखंड के 18 पंचायत में जनता ने पुराने चेहरे को नकारते हुए 13 नये मुखिया प्रतिनिधि को चुना है। वहीं जिला परिषद की सीट पर भी जनता ने नकारते हुए तीन में से दो नये चेहरे को मौका इस बार दिया। अधिकांश जगहों पर नए चेहरे के आने के बाद पुराने पंचायत प्रतिनिधि बौखला गए हैं। जिसके कारण लगातार चुनावी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। ताजा मामला रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत ओड़हारा पंचायत में दो बार लगातार रहे पूर्व मुखिया पति अवधेश यादव चुनाव हारने पर पूर्व मुखिया पति ने महादेवपुर निवासी नारायण चौधरी के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। दिए गए आवेदन में महादेव पुर निवासी नारायण चौधरी ने बताया है कि मैं अपने गांव से मोहना गांव जाने के क्रम में गांव के मुख्य सड़क मार्ग के पास पूर्व मुखिया पति अवधेश यादव तथा अन्य 3 लोगों ने पंचायत चुनाव हार जाने के दुश्मनी को लेकर मेरा साइकिल रोककर 20 हजार रंगदारी के तौर पर मांगने लगा तथा इसी विवाद में गाली गलौज करने के बाद लाठी से मुझे मारने लगा इस दौरान मेरे पैकेट से 2 हजार रुपया छीन लिया। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि इस महीने के अलावा अगले चुनाव तक प्रति माह रुपया देना होगा नहीं तो जान से मार देंगे। पीड़ित नारायण चौधरी ने बताया कि सभी लोग दबंग किस्म के आदमी हैं। थाना अध्यक्ष बुद्धदेव पासवान ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि बीते गुरुवार को भी चुनाव में रंजिश को लेकर पुनसिया सड़क मार्ग को 2 घंटे तक जाम कर रखा था। जिसमें पुनसिया बेंगा टोला निवासी कैलाश शर्मा ने थाने में आवेदन देकर कहा था कि बाजार से काम कर लौटने के क्रम में पुनसिया निवासी स्वर्गीय राशबिहारी यादव के पुत्र रणवीर यादव के घर के पास गया तो हमको गाली गलौज देने लगा और हमको खींच कर बिस्कोवान भवन ले गया और हम को बुरी तरह से घोड़ा के कोड़ा से पीटा और बोला तुम हमको रंगदारी के रूप में 50 हजार रुपया दो और बोला कि तुम हमको और मेरे भाई रणधीर यादव को वोट नहीं दिया है। पैसा नहीं देने पर घर छोड़कर चले जाने और जान से मारने की धमकी दी गई है और मेरे पॉकेट से 3 हजार रुपया भी छीन लिया है। दोनों मामलों के विरुद्ध रजौन थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। चुनावी रंजिश को लेकर लगातार हो रहे हमले क्षेत्र वासियों में दहशत का माहौल है।
रिपोर्ट: केआर राव