रजौन (बांका): प्रखंड मुख्यालय स्थित ई-किसान भवन में रविवार से चल रहे मधुमक्खी पालन का तीन दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में मंगलवार को 70 प्रशिक्षणार्थी को प्रमाण पत्र देकर आत्मा अध्यक्ष नरोत्तम मिश्रा प्रखंड तकनीकि प्रबंधक राजीव सिंह , सहायक तकनीकि प्रबंधक रंजन कुमार, उधान पदाधिकारी सूरज कुमार, मास्टर ट्रेनर संजय कुमार चौधरी, बांका मधु उत्पादक समूह के निदेशक रिपुसूदन सिंह, आशीष कुमार ने कार्यक्रम का समापन किया। इसके साथ ही सभी प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थी को बांका मधु उत्पादक समूह में जोडकर शहद उत्पादन किया जाएगा और इस शहद से अच्छा मुनाफा के लिए बिहार से बाहर भेजा जाएगा। शहद उत्पादन के लिए बागवानी विभाग से सभी प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थी को अनुदान पर मधुमक्खी का बक्सा के साथ-साथ शहद निकालने वाला यंत्र भी मुहैया कराया जाएगा। शहद के प्रोसेसिंग के लिए बौसी प्रखंड के करझौसा में प्रोसेसिंग प्लॉट की स्थापना भी हो चुकी है। जिसमें बांका के सभी मधुमक्खी पालक द्वारा उत्पादन किए गए शहद को एक जगह लाकर प्रोसेसिंग किया जाएगा, फिर पैकिंग कर शहद को सभी लोगों के बीच हर एक प्रखंड में बांका मधु उत्पादक समूह का बिक्री काउटर बनाकर सस्ते दर पर बिक्री किया जाएगा। जिससे कुपोषणता एवं मधुमेह जैसी बीमारी में दवाई की तरह उपयोग होगा। रजौन में बांका मधु उत्पादक समूह का मधु बिक्री काउटर भी जल्द ही शुभारंभ हो जाएगा जिससे आमलोगों को शहद लेने के लिए बांका एवं भागलपुर जाने की समस्या से निजात मिलेगा। इन सभी जानकारी को विस्तृत पूर्वक बताते हुए प्रशिक्षणार्थी अभिषेक भारती, सच्चिदानंद मंडल, शोभा रंजना मंडल, सोनम कुमारी, बंदना देवी, मुकेश भारती, नवल मंडल, शिवम सिंह, संजीव सुमन, संतोष कुमार एवं अन्य प्रशिक्षणार्थी ने मधु उत्पादन के लिए मधुमक्खी पालन खुद भी करते हुए अन्य लोगो को जागरूक करने के लिए दृढ़ संकल्पित हुए।
रिपोर्ट: केआर राव