रजौन, बांका: शाला सिद्धि से संबंधित सत्र 2019-2020 में रजौन प्रखंड के प्रारंभिक विद्यालयों द्वारा 7 आयाम से संबंधित बीआरसी के माध्यम से जिला को लिखित प्रतिवेदन दिया गया था। प्रारंभिक विद्यालयों द्वारा दिए गए शाला सिद्धि के बाह्य मूल्यांकन से संबंधित भौतिक सत्यापन का कार्य सोमवार से गठित टीम सदस्यों द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार सिन्हा द्वारा प्राथमिक शिक्षा सह समग्र शिक्षा डीपीओ निशीथ प्रणित सिंह के जारी आदेश पर 5 टीम गठित किया गया है। गठित टीम नंबर एक में आदित्य कुमार के नेतृत्व में कुमारी पूर्णिमा,आशीष कुमार, टीम नंबर दो भवानी शंकर के नेतृत्व में दीपक कुमार, राजीव रंजन, टीम संख्या तीन विरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रणीता कुमारी, मुकेश कुमार,टीम नंबर 4 भारतेंदु के नेतृत्व में सुजाता कुमारी, प्रवीण कुमार एवं टीम संख्या 5 मनोज कुमार दीपक के नेतृत्व में उदय कुमार मंडल अजीत कुमार को 27 से 8 जनवरी 2022 तक प्रत्येक दिन प्रत्येक टीम को पांच-पांच विद्यालयों पर पहुंच कर शाला सिद्धि का बाह्य मूल्यांकन विद्यालय से संबंधित स्वच्छता पठन-पाठन सहित सात आयामों के बारे में भौतिक सत्यापन करते हुए रिपोर्ट प्रतिदिन बीआरसी को विहित प्रपत्र में समेकित करते हुए बीआरसी को उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार टीम सदस्यों द्वारा प्रथम दिन सोमवार को शाला सिद्धि का बाह्य मूल्यांकन यूएमएस नरीपा मध्य विद्यालय बरौनी, यूएमएस कठचातर-लीलातरी, कन्या मध्य विद्यालय महागामा, यूएमएस गोराडीह विद्यालय पहुंचकर बाह्य मूल्यांकन किया है।यह मूल्यांकन का कार्यक्रम लगातार 8 जनवरी तक विद्यालय आवर में चलता रहेगा। बीईओ राकेश कुमार सिन्हा ने बताया शाला सिद्धि के माध्यम से बाह्य मूल्यांकन कराने का एक ही उद्देश्य है कि सत्र 2019-20 में विद्यालयों द्वारा जमा किए गए शाला सिद्धि से संबंधित रिपोर्ट सही है या गलत। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर से 8 जनवरी 2022 तक 5 टीम सदस्यों द्वारा 50 प्रारंभिक विद्यालयों का बाह्य मूल्यांकन कार्य संपादित किया जाना है।
रिपोर्ट:केआर राव