रजौन (बांका):आत्मा योजना अन्तर्गत कौशल विकास के माध्यम से प्रगतिशील कृषक समूह, खिड्डी के सदस्यों को आत्मा कार्यालय, बांका में 30 दिवसीय आवासीय ट्रेनिग देकर बटन मशरूम, आयस्टर मशरूम, दूधिया मशरूम तथा प्रयोगशाला में स्पॉन तैयार करने की विधि को तकनीकि विशेषज्ञों द्वारा बताया गया। इसके अलावा मशरूम से बनने वाले उत्पाद अचार, मशरूम का पाउडर बनाकर भंडारण करने तथा अच्छे कीमत पर बेचने की सलाह भी दी गई। इस समूह को और आगे ले जाने के लिए प्रखंड कृषि कार्यालय, रजौन के सहायक तकनीकि प्रबंधक रंजन कुमार, आदित्य, रमण कुमार द्वारा लगातार खिड्डी गांव जाकर समूह के सदस्यो से सम्पर्क कर तकनीकि समस्या का निदान किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रखंड तकनीकि प्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने समूह के सदस्य संजीव कुमार सुमन के द्वारा लगाए गए आयस्टर मशरूम का अवलोकन भी किया तथा इसे और बड़े स्तर पर करने की सलाह दी गई। इस मौके पर समूह के कोषाध्यक्ष रानू रंजन एवं अन्य सदस्य भी उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार इस समूह को मशरूम उत्पादक कंपनी बनाने पर विचार विमर्श किया जा रहा है। जिसके तहत मशरूम उत्पादन करने वाले रजौन प्रखंड के एक हजार किसानों को जोड़कर उसके उत्पाद को बिहार से बाहर भेजा जाएगा, जिससे मशरूम उत्पादको को मशरूम बेचने की समस्या नहीं आएगी और घर की खेती मशरूम से भी आमदनी होगी तथा कुपोषणता को भी खत्म करने में मशरूम की अहम भूमिका होगी।
रिपोर्ट: केआर राव