दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभूगंज(बांका):सरकार एक तरफ हर गांव व टोला को सड़क मार्ग से जोड़ने का घोषणा कर रही है। खासकर महादलितों के गांव व टोला को प्राथमिकता के साथ सड़क का निर्माण कार्य करने का दावा कर रही है। किन्तु शंभूगंज के झखड़ा पंचायत के मेहरपुर महादलित टोला का सड़क निर्माण कार्य करने के लिए डीपीआर तैयार कर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना का वोर्ड लगाने के बाद अब निर्माण कार्य स्थल में फेरबदल किया गया है। जिससे आक्रोशित मेहरपुर महादलित टोला के सैकड़ो ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य अवरुद्ध कर जमकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के झखड़ा पंचायत के पकरिया मोड़ रामपुर ढ़ाढ़ी से मेहरपुर महादलित टोला तक मुख्यमंत्री ग्राम संम्पर्क योजना से सड़क का निर्माण कार्य होना था। जिसका प्राक्लन राशि 113 लाख था। ग्रामीण विकास मंत्रालय बिहार सरकार द्वारा वित्त पोषित परियोजना से ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल बांका के द्वारा किए जाने वाला इस कार्य के संवेदक चौबटिया कन्सट्रक्शन प्रा० लि० बांका को कार्य कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। जहां सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने के पूर्व गांव में संवेदक के द्वारा बोर्ड लगाया गया है। जिसमें मुख्यमंत्री ग्राम संम्पर्क योजना व पथ का नाम पकरिया मोड़ रामपुर ढ़ाढ़ी से मेहरपुर हरिजन टोला तक 1.244 किमी तक सड़क निर्माण कार्य का बोर्ड लगाया गया था। किन्तु अब फिर डीपीआर में फेर बदल के बाद यह सड़क का निर्माण कार्य होने के बजाय कदराचक से मेहरपुर तक ही सड़क निर्माण कार्य होते देख मेहरपुर महादलित टोला के ग्रामीणों का आक्रोश फुट गया और आक्रोशित मेहरपुर महादलित टोला के सैकड़ो ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे देवराज दास, शालीग्राम दास, दीपक दास, लालु कुमार, लक्ष्मण दास, महेन्द्र दास आदि ने बताया कि पकरिया मोड़ से मेहरपुर महादलित टोला जाने वाली सड़क में कार्य भी शुरू हुआ, छोटी छोटी पुलिया का भी निर्माण कार्य कराया गया। किन्तु अब इस सड़क का निर्माण कार्य कराने के बजाय डीपीआर में हेराफेरी कर सड़क का निर्माण कार्य कदराचक गांव से मेहरपुर मंडल टोला तक ही कराया जा रहा है। ग्रामीणो का कहना है कि राजनीतिक कर महादलितो के गांव के साथ ऐसा किया जा रहा है। जबकि कदराचक गांव से मुख्य पथ पर आने के लिए कोई रास्ता नही है। इससे महादलित टोला के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वही बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा तकरीबन छह घंटा तक संवेदक के मेटेरियल लदा वाहन को रोके रखा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंम्ब इसकी उच्चस्तरीय जांच कराकर मेहरपुर महादलित टोला तक सड़क का निर्माण कार्य कराने की मांग किया है। इधर कार्य के संवेदक चौबटिया कन्सट्रक्शन के कर्मी ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य डीपीआर के मुताबिक हो रहा है। वही कनीय अभियंता ने बताया कि निर्माण कार्य डीपीआर के मुताबिक किया जा रहा है।
