दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में व्यवस्था की लाचारी से जनकल्याणकारी योजनाओं पर ग्रहण लग रहा है।खासकर सात निश्चय में सबसे महत्वपूर्ण हर घर नल जल योजना की स्थिति ठीक नहीं है। अधिकांश जगहों पर जलमीनार बीमार है तो कहीं संपूर्ण राशि आवंटन के बाद भी योजना का काम अधर में है। ऐसा ही एक मामला मिर्जापुर पंचायत के वार्ड संख्या चार में सामने आया है ।इस वार्ड में पेयजल की घोर किल्लत पर करीब दो वर्ष पूर्व हर घर नल जल योजना कार्य शुरू हुआ।करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वार्ड क्रियान्वय में इस योजना मद में 14.50 लाख दी गई।वार्ड क्रियान्वयन समिति द्वारा संपूर्ण राशि की भी निकासी कर ली गई , लेकिन जलमीनार और पाइप लाइन का काम अधर में लटका है ।पेयजलापूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीण रामजी यादव , मिथुन यादव , प्रमोद यादव , गौतम शर्मा सहित अन्य ने बताया कि इस वार्ड में नल जल योजना की हालत बदतर है। करीब पांच दर्जन घरों में पाइप लाइन का काम अधूरा है। जलमीनार और बोरिंग का काम तो हुआ, लेकिन आज तक मीनार पर टंकी नहीं लगा।जलापूर्ति बहाल करने के लिए कई मरतबे निर्माण कंपनी के संवेदक से लेकर बीडीओ से कही , लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।विभागीय उदासीनता के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि यदि अविलंव समस्या समाधान नहीं होती है तो इसकी शिकायत सीधे डीएम और मुख्यमंत्री से की जाएगी।इस संबंध में बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि राशि निकासी कर योजना कार्य पूर्ण नहीं करना यह गंभीर विषय है। समस्या समाधान के लिए तकनीकी सहायक को दी गई है ।यदि अविलंव कार्य पूर्ण नहीं होता है तो दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।