अधीक्षण, अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य अंचल, बेतिया को सड़क, पुल-पुलिया आदि के निर्माण में प्राक्कलन का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने का निदेश।
बेतिया। बैरिया प्रखंड अंतर्गत कादिर चौक से दीवान तकिया तक 765 मीटर लंबी निर्माणाधीन पथ में गड़बड़ी की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन को दी गयी। ग्रामीणों द्वारा उक्त सड़क में गड़बड़ी को लेकर फोटोग्राफ आदि साक्ष्य भी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराये हैं। प्रथम दृष्टया सड़क निर्माण में गड़बड़ी परिलक्षित हो रही है।
जिलाधिकारी, पश्चिम चम्पारण द्वारा इसे अत्यंत ही गंभीरता से लेते हुए समीक्षात्मक बैठक में अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य अंचल, बेतिया को निर्माणाधीन उक्त सड़क की विधिवत जांच कर जांच प्रतिवेदन 48 घंटे के अंदर उपलब्ध कराने हेतु निदेशित किया गया है। साथ ही दोषियों को चिन्हित करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा करने को भी निदेशित किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य अंचल, बेतिया निदेश दिया कि सड़क, पुल-पुलियां आदि के निर्माण में प्राक्कलन का शत-प्रतिशत अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाय। किसी भी सूरत में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों, कर्मियों एवं संवेदकों को बख्शा नहीं जायेगा।
