चार नक्सली गिरफ्तार, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया (बांका) बांका पुलिस एवं एसएसबी को फुल्लीडूमर थाना क्षेत्र के सैबईजोर गांव से 4 नक्सली को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता पाई है. साथ ही मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद की गई है। गिरफ्तार में सेबईजोर गांव के सोना मरांडी का पुत्र संजय मरांडी, संजय मरांडी का पुत्र अनिल मरांडी, रामचंद्र मरांडी का पुत्र मिथलेश मरांडी व मुनेश्वर मरांडी शामिल है। अभियान में एसडीपीओ बेलहर प्रेमचंद्र सिंह, एसएसबी डी कंपनी के डिप्टी कमांडेंट आशुतोष कुमार पाण्डेय एवं असिस्टेंट कमांडेंट अंजन सरकार फुल्लीडूमर थानाध्यक्ष आलोक कुमार, बेलहर थानाध्यक्ष बिनोद कुमार, खेसर थानाध्यक्ष देवेन्द्र राय, एसएसबी जवान अमित कुमार, रौशन कुमार, लालदेव कुमार शामिल थे. इस सम्बन्ध में एसपी डॉ सत्यप्रकाश ने कटोरिया थाना में प्रेस कांफ्रेंस किया। बरामद विस्फोटक में डेटोनेटर 5 पीस, करीब 5 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 5 पीस पावर जेलेटीन रड, ब्रॉउन रंग का विस्फोटक के बनाने में उपयोग होने वाला पदार्थ एवं चितकबरा रंग का 4 ट्राउजर शामिल हैं। एसपी ने बताया कि ये सभी पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया के सदस्य है. जिसके मुख्य क्षेत्र झारखंड से जुड़ा हुआ है। लेकिन बांका जिले में भी भय एवं दहशत का माहौल बनाने के उद्देश्य से संघठन का विस्तार किया जा रहा था. बताया कि सैबईजोर के सरकारी स्कूल में मंगलवार को इस संघठन के लेटर पैड पर सभी शिक्षकों से प्रत्येक माह एक- एक हजार रुपया का लेवी मांगा गया था. संघठन विस्तार के लिए पैसे मांगने का धमकी भरा पत्र मिलने पर बुधवार को छापेमारी की गई। इस दौरान गिरफ्तार चारों को एक साथ गिरफ्तार कर लिया गया. बताया कि गिरफ्तार सभी क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम करने के लिए किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे. बताया कि इस जिले में इस संगठन से जुड़ा यह पहला मामला है. फिलहाल पुलिस मामले में पूरी तत्परता से कई जगहों पर अभियान चला रही है. इस अभियान में काफी संख्या में पुलिस एवं एसएसबी के जवान शामिल थे।
