कटोरिया के युवक की चेन्नई मैं हत्या
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह की रिपोर्ट
कटोरिया (बांका)चेन्नई में कटोरिया थाना क्षेत्र के मनियां पंचायत अंतर्गत धानवरण गांव के एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक गांव के रामेश्वर यादव का पुत्र ब्रह्मदेव यादव (२६ वर्ष) बताया गया है। घटना को लेकर मृतक की पत्नी नुनी कुमारी के फर्द बयान में थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जिसमें कटोरिया थाना क्षेत्र के मनियां पंचायत अंतर्गत तिलवारी गांव के निरंजन यादव, तुलसी यादव, संजय यादव एवं अशोक यादव को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। जानकारी के अनुसार युवक चेन्नई में नामजद अभियुक्तों के पास राजमिस्त्री का काम करता था। नामजद अभियुक्तों ने युवक को पिछले साल के काम का पैसा नहीं दिया था। जिस वजह से युवक काम छोड़कर वापस घर चले आया था। इधर कुछ दिन पूर्व नामजद निरंजन यादव युवक के घर आया तथा पिछला बकाया पैसा देने की बात कहकर वापस चेन्नई ले गया। 23 जुलाई को युवक ने अपना पिछला पैसा मांगा। जिसे देने से मना कर नामजद अभियुक्तों ने युवक का आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, हाजरी कार्ड एवं मोबाइल छीन लिया। दोपहर करीब 1 बजे युवक ने पत्नी को फोन कर पूरी कहानी बताई। इधर 26 जुलाई को नामजद अशोक यादव ने मृतक के बड़े भाई तुलसी यादव को फोन कर युवक की मौत की जानकारी दी। इधर कटोरिया पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
