करंट लगने से एक युवक की मौत
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया (बांका) कटोरिया थाना क्षेत्र के दामोदरा पंचायत अंतर्गत सरूआ बहदिया गांव के एक युवक की मंगलवार को करंट लगने से मौत हो गई। मृतक गांव के लालेश्वर यादव का पुत्र किशनदेव यादव 32 वर्ष बताया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक अपने घर में इन्वर्टर से तार जोड़ रहा था। इसी दौरान नंगे तार के संपर्क में आ जाने से वह तार से चिपक कर रह गया। परिजनों द्वारा इन्वर्टर का स्विच ऑफ कर उसे छुड़ाया गया। जिसके बाद परिजन आनन फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लेकर आये। जहां डॉक्टर द्वारा जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया गया। इधर ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी कटोरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज तिवारी ने गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। फिलहाल इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।