दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) :थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं फिर से शुरू हो गई है।पुलिस - प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में गंभीर नहीं है। इस क्रम में शुक्रवार की रात गुलनी - कुशाहा गांव में किसान त्रिपुरारी सिंह के घर चोरों ने करीब डेढ़ लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया। किसान के घर के पीछे अस्थाई खिड़की को तोड़ चोरों ने घटना को अंजाम दिया है।गृहस्वामी त्रिपुरारी सिंह सहित अन्य ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बिजली की स्थिति खराब चल रही है। घटना की शाम बिजली नहीं रहने से घर के सभी सदस्य रात्री भोजन के बाद बरामदे और आंगन में सो रहे थे। बहियार में धान पटवन कर रहे किसानों द्वारा चोर - चोर का शोर सुनाई देने पर निंद खुली। जब बाहर निकलकर देखा तो खिड़की के नीचे बक्सा - कपड़ा सहित अन्य सामान फेका देख दंग रह गए।जब कमरे की तलाशी ली तो घर का सभी सामान गायब मिला। यह देख घर के सदस्य दहाड़ मारने लगे। घटना की खबर सुन अन्य ग्रामीण भी दौड़कर पहुंचे। जहां पैक्स अध्यक्ष शिवपूजन सिंह ने घटना की जानकारी थाना को दिया। सूचना पर सअनि शिवलोचन पासवान सहित अन्य पुलिस कर्मी जांच करने पहुंचे। पीड़ित त्रिपुरारी सिंह ने 25 हजार नकद , आभुषण सहित करीब डेढ़ लाख की संपत्ति चोरी होने की बात कह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है ।इस घटना के अलावे चोरों ने गुलनी गांव के वार्ड संख्या छह के वार्ड सदस्य रिंकू देवी के घर में भी चोरी का प्रयास किया , लेकिन चोरों को सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी , और जल्द ही घटना का पर्दाफास होगा।ग्रामीण सूत्रों की मानें तो गुलनी - कुशाहा में इन दिनों नशेड़ियों का आतंक अधिक है।आशंका है कि नशेड़ियों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस को इस विंदुओं पर भी जांच करने की जरूरत है। इसके पहले मिर्जापुर बाजार में एक ज्वेलरी दुकान में चोरों ने दीवार में सुरंग बना लाखों की संपत्ति चोरी कर ली थी।
